पब्लिक स्वर,गौरेला-पेण्ड्रा-मरवाही। गौरेला-पेण्ड्रा-मरवाही जिले के पेंड्रा थाना क्षेत्र के जिल्दा गांव में सोमवार को एक हैरान कर देने वाली घटना सामने आई, जहां पारिवारिक विवाद के चलते एक युवक 33 केवी हाईटेंशन लाइन के करीब 400 फीट ऊंचे टावर पर चढ़ गया। युवक को टावर की चोटी पर बैठे देख गांव में अफरा-तफरी मच गई और देखते ही देखते बड़ी संख्या में लोग मौके पर जुट गए। घटना का वीडियो भी सामने आया है, जो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
पुलिस के मुताबिक, युवक की पहचान 25 वर्षीय केवल सिंह आयाम के रूप में हुई है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि वह अपनी पत्नी से नाराज था। उसकी पत्नी पिछले 3-4 दिनों से गांव में अपने चाचा के घर आयोजित विवाह कार्यक्रम में गई हुई थी और वापस नहीं लौटी थी। इसी बात से आहत होकर युवक ने यह खतरनाक कदम उठा लिया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, युवक करीब 2 से 3 घंटे तक टावर के शीर्ष पर बैठा रहा। इस दौरान नीचे मौजूद परिजन और ग्रामीण लगातार उसे नीचे उतरने के लिए समझाते रहे, लेकिन वह नहीं माना। ऊंचाई और हाईटेंशन लाइन के खतरे को देखते हुए स्थिति बेहद संवेदनशील बनी रही।
सूचना मिलते ही कोडगार चौकी पुलिस, स्थानीय प्रशासन और बिजली विभाग की टीम मौके पर पहुंची। किसी भी अप्रिय घटना से बचने के लिए तत्काल क्षेत्र की बिजली सप्लाई बंद करवाई गई। इसके बाद पुलिस और प्रशासन ने संयुक्त रूप से रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया। काफी देर तक समझाइश और प्रयास के बाद आखिरकार युवक को सुरक्षित नीचे उतार लिया गया। घटना के दौरान मौके पर भारी भीड़ जमा रही और सभी की निगाहें रेस्क्यू ऑपरेशन पर टिकी रहीं। पुलिस ने बताया कि युवक पूरी तरह सुरक्षित है और उससे पूछताछ की जा रही है। प्रारंभिक तौर पर मामला पारिवारिक विवाद से जुड़ा बताया जा रहा है।

User 1











