पब्लिक स्वर,कोरिया। कोरिया जिले से एक बेहद संवेदनशील और चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां शादी की खुशियां मातम में बदल गईं। शादी की तैयारियों के बीच एक युवती की तबीयत अचानक बिगड़ी और इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। डॉक्टरों की रिपोर्ट में जो तथ्य सामने आए हैं, उन्होंने पूरे मामले को और गंभीर बना दिया है।
जानकारी के अनुसार, जिले की एक युवती की शादी 24 अप्रैल को तय थी। घर में 22 अप्रैल से ही शादी की रस्में शुरू हो चुकी थीं और माहौल उत्सव का था। इसी दौरान 22 अप्रैल को युवती ने पेट दर्द की शिकायत की। परिजन उसे तत्काल नजदीकी अस्पताल ले गए, जहां हालत गंभीर होने पर उसे मेडिकल कॉलेज अस्पताल रेफर किया गया।
मेडिकल जांच के दौरान डॉक्टरों ने खुलासा किया कि युवती करीब चार महीने की गर्भवती थी। साथ ही यह भी सामने आया कि उसने गर्भपात के लिए दवाइयों का सेवन किया था। चिकित्सकों के अनुसार, इन्हीं दवाइयों के रिएक्शन और उससे जुड़ी जटिलताओं के कारण उसकी हालत बिगड़ी और इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
प्राथमिक तौर पर यह आशंका जताई जा रही है कि युवती का किसी युवक के साथ प्रेम संबंध था, जिससे वह गर्भवती हुई। आगामी शादी के चलते उसने गर्भपात का प्रयास किया, जो अंततः उसकी जानलेवा साबित हुआ। हालांकि, इस संबंध में अभी तक कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
घटना के बाद परिवार में गहरा सदमा है। जिस घर में शादी की तैयारियां चल रही थीं, वहां अब शोक का माहौल है। वहीं पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

User 1











