पब्लिक स्वर,कोरबा। कोरबा जिले के कटघोरा थाना अंतर्गत जटगा चौकी क्षेत्र में एक युवक द्वारा मंदिर परिसर में तोड़फोड़ और आगजनी की गंभीर घटना सामने आई है। आरोपी ने शिव मंदिर में आग लगाने के बाद तालाब किनारे स्थित हनुमान मंदिर का ताला तोड़कर वहां भी आगजनी की। इतना ही नहीं, उसने पास में स्थापित शिवलिंग को उखाड़कर तालाब में फेंक दिया, जिससे क्षेत्र में आक्रोश का माहौल बन गया।
घटना की जानकारी मिलते ही कटघोरा एसडीओपी विजय राजपूत और थाना प्रभारी धर्मनारायण तिवारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने बिना देरी किए आरोपी को घटनास्थल से ही गिरफ्तार कर लिया। आरोपी की पहचान बैकुंठपुर निवासी रोहित खैरवार के रूप में हुई है, जो जटगा में अपने रिश्तेदार के यहां आया हुआ था।
पुलिस के अनुसार, युवक ने मंदिर में भगवान के वस्त्र और मूर्तियों को नुकसान पहुंचाते हुए आगजनी की है। प्रारंभिक जांच में यह भी सामने आया है कि उसने शिवलिंग को तोड़कर पानी में फेंक दिया। फिलहाल आरोपी के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जा रही है।पुलिस अब इस बात की जांच कर रही है कि घटना के समय आरोपी शराब के नशे में था या उसकी मानसिक स्थिति ठीक नहीं थी। वहीं, स्थानीय लोगों का कहना है कि कुछ महीने पहले भी इसी मंदिर परिसर में तोड़फोड़ की घटना हो चुकी है, जिससे इलाके में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर चिंता बढ़ गई है।

User 1











