पब्लिक स्वर,धमतरी। थाना नगरी पुलिस ने लगातार हो रही चोरी की घटनाओं पर त्वरित और प्रभावी कार्रवाई करते हुए एक विधि से संघर्षरत नाबालिग आरोपी को पकड़ा है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 40 हजार रुपये नकदी में से 6,300 रुपये, तथा 3 चोरी की मोटरसाइकिलें बरामद की हैं। यह कार्रवाई तकनीकी विश्लेषण, मुखबिर सूचना और पुलिस टीम की सतत् निगरानी का परिणाम है।
तीन मामलों का एक ही आरोपी से खुलासा
1. 40,000 रुपये नकदी चोरी का मामला
13 मार्च 2025 को गांधी उद्यान के सामने यात्री प्रतिक्षालय में होली त्यौहार के अवसर पर नगाड़ा बेचने आए दंपति के बैग से 40,000 रुपये चोरी हो गए थे। थाना नगरी में अपराध दर्ज कर जांच शुरू की गई थी।
2. स्प्लेंडर मोटरसाइकिल चोरी
10 अक्टूबर 2025 को कृषि उपज मंडी परिसर से धमतरी निवासी जयकिशन दिवान की स्प्लेंडर मोटरसाइकिल चोरी हो गई थी। मामले में थाने में अपराध दर्ज कर कार्रवाई की जा रही थी।
3. पल्सर मोटरसाइकिल चोरी
14 नवम्बर 2025 को छिपली निवासी नंदकुमार नेताम की लाल रंग की पल्सर मोटरसाइकिल जेएमएफसी देवपुर गेट के बाहर से चोरी हो गई थी। मामला थाना सिहावा में दर्ज किया गया था।
मुखबिर की सूचना पर बस स्टैंड से पकड़ा गया आरोपी
पेट्रोलिंग के दौरान पुलिस को सूचना मिली कि एक नाबालिग चोरी की मोटरसाइकिल बेचने ग्राहक तलाश रहा है। पुलिस ने तुरंत घेराबंदी कर बस स्टैंड क्षेत्र से आरोपी को हिरासत में लिया। पूछताछ में उसने सभी चोरी की घटनाओं को स्वीकार कर लिया।
आरोपी ने बताया कि वह 40,000 रुपये में से 33,700 रुपये खर्च कर चुका था, जबकि 6,300 रुपये उसने छिपली स्थित किराए के कमरे में बिस्तर के नीचे छिपाकर रखे थे।
निशानदेही पर पुलिस ने— 6,300 रुपये नगद, तीन मोटरसाइकिलें — स्प्लेंडर प्लस, स्प्लेंडर, बजाज पल्सर बरामद कर जब्त किया।
आगे की कार्रवाई
पुलिस ने नाबालिग आरोपी का सामाजिक पृष्ठभूमि रिपोर्ट (Social Background Report) तैयार कर उसे किशोर न्याय बोर्ड, धमतरी के समक्ष पेश किया। साथ ही अन्य वारदातों में उसकी संलिप्तता की भी जांच की जा रही है।
धमतरी पुलिस ने आम जनता से अपील की है कि क्षेत्र में किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल नजदीकी थाना या डायल 112 पर दें।

User 1














