रायपुर IIIT हॉस्टल में एग्जाम देने गए छात्रों के 15 लैपटॉप पार, CCTV में कैद हुई वारदात



post

पब्लिक स्वर,रायपुर। रायपुर के नया रायपुर स्थित इंटरनेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ इंफॉर्मेशन टेक्नोलॉजी (IIIT) में चोरी की बड़ी घटना सामने आई है। कॉलेज के हॉस्टल से करीब 15 लैपटॉप चोरी हो जाने के बाद संस्थान में हड़कंप मच गया। घटना राखी थाना क्षेत्र की बताई जा रही है। खास बात यह है कि चोरी उस समय हुई, जब अधिकांश छात्र परीक्षा देने के लिए अपने कमरों से बाहर गए हुए थे।

प्राथमिक जानकारी के मुताबिक, एक शातिर युवक हॉस्टल में काम करने के बहाने दाखिल हुआ। छात्रों की गैरमौजूदगी का फायदा उठाकर उसने कमरों से लैपटॉप पार कर दिए। घटना के बाद जब छात्र वापस लौटे तो कमरों से लैपटॉप गायब मिले। इसके बाद कॉलेज प्रबंधन और छात्रों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी।

CCTV फुटेज में कैद हुआ संदिग्ध

घटना के बाद हॉस्टल परिसर के CCTV फुटेज खंगाले गए, जिसमें एक संदिग्ध युवक लैपटॉप ले जाते हुए दिखाई दे रहा है। फुटेज सामने आने के बाद पुलिस को जांच में अहम सुराग मिले हैं। बताया जा रहा है कि आरोपी काफी सुनियोजित तरीके से हॉस्टल में दाखिल हुआ था, जिससे आशंका जताई जा रही है कि उसने पहले से रेकी की थी।

छात्रों में नाराजगी, सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल

घटना के बाद छात्रों में नाराजगी देखने को मिल रही है। छात्रों का कहना है कि हॉस्टल जैसी सुरक्षित मानी जाने वाली जगह में इतनी बड़ी चोरी होना सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े करता है। परीक्षा के दौरान बाहरी व्यक्ति का आसानी से हॉस्टल तक पहुंच जाना भी चिंता का विषय बन गया है।

पुलिस जांच में जुटी

राखी थाना पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस CCTV फुटेज और कॉलेज स्टाफ से पूछताछ के आधार पर आरोपी की पहचान करने में जुटी है। अधिकारियों का दावा है कि आरोपी को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।



PUBLICSWARNEWS CGNEWS CGPOLICENEWS RAIPURNEWS IIITNEWS RAIPURIIITNEWS IIITHOSTELMEEXAMDENEGAYECHATROKELEPTOPCHORINEWS IIITHOSTELMEEXAMDENEGAYECHATROKE15LEPTOPCHORINEWS 15LEPTOPCHORINEWS

You might also like!


RAIPUR WEATHER