पब्लिक स्वर,कटघोरा। कोरबा-कटघोरा मुख्य मार्ग पर रविवार को उस समय यातायात प्रभावित हो गया, जब छुरी के पास राखड़ (फ्लाई ऐश) से भरा एक ट्रक अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गया। हादसे के बाद मार्ग के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई और करीब एक घंटे तक जाम की स्थिति बनी रही।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, ट्रक अचानक चालक के नियंत्रण से बाहर हो गया और सड़क पर पलट गया। दुर्घटना के चलते मार्ग का एक हिस्सा अवरुद्ध हो गया, जिससे दोनों तरफ वाहनों की आवाजाही प्रभावित हुई। देखते ही देखते सड़क के दोनों ओर करीब एक-एक किलोमीटर तक वाहनों की लंबी कतार लग गई।
घटना की सूचना मिलते ही कटघोरा पुलिस मौके पर पहुंची और यातायात व्यवस्था संभाली। पुलिस ने क्रेन की मदद से पलटे हुए ट्रक को सड़क से हटाने की कार्रवाई शुरू कराई। काफी मशक्कत के बाद ट्रक को मार्ग से हटाया गया, जिसके बाद यातायात धीरे-धीरे सामान्य हो सका।
इस दौरान कोरबा-कटघोरा मार्ग से गुजरने वाले यात्रियों, रोजाना आवागमन करने वाले लोगों और मालवाहक वाहनों के चालकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। कई वाहन लंबे समय तक जाम में फंसे रहे।
कोरबा-कटघोरा मार्ग जिले के सबसे व्यस्त मार्गों में से एक माना जाता है, जहां भारी वाहनों का लगातार आवागमन रहता है। ऐसे में किसी भी दुर्घटना का सीधा असर यातायात पर पड़ता है। हालांकि इस हादसे में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है, लेकिन दुर्घटना ने सड़क सुरक्षा और भारी वाहनों की आवाजाही को लेकर एक बार फिर सवाल खड़े कर दिए हैं।

User 1









