नक्सलियों द्वारा जंगल में छिपाया गया 5 किलो का प्रेशर कुकर IED बरामद, मौके पर किया गया निष्क्रिय



post

पब्लिक स्वर,कांकेर। कांकेर जिले में सुरक्षाबलों को एक महत्वपूर्ण सफलता मिली है। संयुक्त सर्चिंग अभियान के दौरान जवानों ने जंगल-पहाड़ी क्षेत्र में नक्सलियों द्वारा छिपाकर रखा गया 5 किलो वजनी प्रेशर कुकर आईईडी (इम्प्रोवाइज्ड एक्सप्लोसिव डिवाइस) बरामद किया। बम निरोधक दस्ते (BDS) की मदद से विस्फोटक को सुरक्षित तरीके से नष्ट कर दिया गया, जिससे संभावित बड़ी घटना टल गई।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, छोटेबेठिया थाना क्षेत्र के अंतर्गत टेकमीटोला के जंगल और पहाड़ी इलाके में जिला पुलिस, बीएसएफ और बम निरोधक दस्ते की संयुक्त टीम सर्चिंग अभियान पर निकली थी। अभियान के दौरान जवानों को संदिग्ध वस्तु दिखाई दी। जांच करने पर वह 5 किलो का प्रेशर कुकर आईईडी निकला, जिसे नक्सलियों द्वारा सुरक्षा बलों को नुकसान पहुंचाने के उद्देश्य से लगाया गया था।

बीडीएस टीम ने संभाला मोर्चा

आईईडी मिलने की सूचना मिलते ही बम निरोधक दस्ते को सक्रिय किया गया। विशेषज्ञ टीम ने मौके पर पहुंचकर सुरक्षा मानकों का पालन करते हुए विस्फोटक की जांच की और नियंत्रित ब्लास्ट के जरिए उसे निष्क्रिय कर दिया। समय रहते कार्रवाई होने से जवानों और स्थानीय ग्रामीणों की सुरक्षा सुनिश्चित हो सकी।

नक्सल प्रभावित इलाकों में बढ़ाई गई निगरानी

कांकेर पुलिस के अनुसार, नक्सल प्रभावित और सीमावर्ती क्षेत्रों में सुरक्षा बलों द्वारा लगातार संयुक्त अभियान चलाए जा रहे हैं। सघन सर्चिंग और एरिया डोमिनेशन ऑपरेशन के कारण नक्सली गतिविधियों पर प्रभावी अंकुश लग रहा है। सुरक्षा एजेंसियां क्षेत्र में शांति और सुरक्षा बनाए रखने के लिए लगातार सतर्क हैं।



PUBLICSWARNEWS CGNEWS CGPOLICENEWS KANKERNEWS BASTARNEWS UTTARBASTARKANKER 5KILOKAPRESHARCHOOKARIEDBARAMADNEWS IEDBARAMADNEWS

You might also like!