पब्लिक स्वर,बिलासपुर। बिलासपुर जिले में अवैध खनन और खनिज परिवहन के खिलाफ प्रशासन ने सख्त रुख अपनाते हुए बड़ी कार्रवाई की है। कलेक्टर संजय अग्रवाल के निर्देश पर खनिज विभाग और पुलिस की संयुक्त टीम ने जिले के विभिन्न क्षेत्रों में अभियान चलाकर 8 वाहन एवं मशीनें जब्त की हैं। वहीं, कोयले की गुणवत्ता में गड़बड़ी और भंडारण नियमों के उल्लंघन के आरोप में एक कोयला डिपो को सील कर दिया गया।
जानकारी के अनुसार, खनिज विभाग और पुलिस की संयुक्त टीम ने गतौरी स्थित बालाजी कोल ट्रेडिंग एंड कंस्ट्रक्शन के अस्थायी कोयला भंडारण अनुज्ञा की जांच की। निरीक्षण के दौरान कोयले की गुणवत्ता में मिलावट और भंडारण संबंधी शर्तों के उल्लंघन की शिकायत सही पाई गई। अनियमितताएं मिलने पर विभाग ने डिपो को तत्काल प्रभाव से सील कर दिया। कार्रवाई के दौरान मौके से एक ट्रेलर वाहन और एक जेसीबी मशीन भी जब्त की गई, जिन्हें सुरक्षित रूप से कोनी थाना परिसर में रखा गया है।
कई क्षेत्रों में चला जांच अभियान
खनिज विभाग की टीम ने 11 और 12 जून को जिले के सकरी, कोटा, विजयपुर, दर्री और तखतपुर क्षेत्रों में व्यापक जांच अभियान चलाया। इस दौरान दर्री-विजयपुर क्षेत्र में गिट्टी का अवैध परिवहन करते हुए एक हाइवा वाहन पकड़ा गया। इसके अलावा रेत और गिट्टी का परिवहन कर रहे दो अन्य हाइवा वाहनों को भी जब्त किया गया। जांच के दौरान खनिजों के परिवहन और उत्खनन में नियमों के उल्लंघन पाए जाने पर ट्रैक्टर-ट्रॉली समेत अन्य वाहनों पर भी कार्रवाई की गई।
नियमों के तहत होगी कार्रवाई
खनिज विभाग के अधिकारियों ने बताया कि जब्त किए गए सभी वाहनों और मशीनों के खिलाफ खनिज नियमों के तहत विधिसम्मत कार्रवाई की जा रही है। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि अवैध खनन, परिवहन और भंडारण के मामलों में आगे भी लगातार अभियान चलाया जाएगा और नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

User 1









