रिटायर्ड कर्मचारी की पत्नी का अपहरण कर पूर्व ड्राइवर ने मांगे 22 लाख की फिरौती, दो आरोपी गिरफ्तार एक फरार



post

पब्लिक स्वर,सूरजपुर। सूरजपुर जिले में एक सुनियोजित किडनैपिंग का मामला सामने आया है, जहां लालच में आकर एक पूर्व ड्राइवर ने अपने साथियों के साथ मिलकर SECL के रिटायर्ड कर्मचारी की पत्नी का अपहरण कर लिया। पुलिस ने मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि एक आरोपी अभी फरार है।

जानकारी के अनुसार, कोतवाली थाना क्षेत्र के ग्राम सरनापारा निवासी पैत्रुस कुजूर को रिटायरमेंट के बाद 50 लाख रुपए से अधिक की राशि मिली थी। इसी जानकारी का फायदा उठाते हुए उनके पूर्व ड्राइवर रौशन देवांगन (21) ने अपने साथियों के साथ मिलकर अपहरण की साजिश रची।

29 अप्रैल को रौशन अपने दो साथियों शेख इशू (23) और एक अन्य के साथ पैत्रुस के घर पहुंचा। उस समय पैत्रुस अंबिकापुर गए हुए थे और घर पर उनकी 62 वर्षीय पत्नी ललिता कुजूर अकेली थीं। आरोपियों ने पानी मांगने के बहाने घर में प्रवेश किया और मौका पाकर महिला को काबू में कर लिया। उन्होंने महिला के मुंह और आंख पर टेप लगाकर हाथ-पैर बांध दिए और बाइक से डुमरिया ले गए।

इसके बाद आरोपियों ने महिला का मोबाइल लेकर ग्राम रूनियाडीह से पैत्रुस कुजूर को कॉल किया और 22 लाख रुपए की फिरौती मांगी। धमकी दी गई कि रकम नहीं देने पर महिला को जान से मार दिया जाएगा। कॉल के बाद मोबाइल बंद कर दिया गया।

30 अप्रैल को पैत्रुस ने थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई। मामले की गंभीरता को देखते हुए डीआईजी और एसएसपी प्रशांत कुमार ठाकुर ने तीन पुलिस टीमें गठित कर जांच शुरू कराई। तकनीकी साक्ष्य और पूछताछ के आधार पर पुलिस को पूर्व ड्राइवर रौशन पर संदेह हुआ। उसे मानपुर से गिरफ्तार कर पूछताछ की गई, जिसमें उसने अपना अपराध कबूल कर लिया।

पुलिस की सख्ती और लगातार पेट्रोलिंग से घबराकर आरोपियों ने महिला को मारने की बजाय छोड़ने का फैसला किया। 1 मई को वे ललिता को पर्री-चंदरपुर बायपास रोड के पास घायल अवस्था में छोड़कर फरार हो गए। जाते समय उन्होंने इस्तेमाल किए गए कंबल, रस्सी और टेप को जला दिया ताकि सबूत मिटाए जा सकें।

घायल महिला किसी तरह पास के घर पहुंची और मदद मांगी, जिसके बाद पुलिस और परिजन मौके पर पहुंचे। उसे तत्काल जिला अस्पताल सूरजपुर में भर्ती कराया गया। इधर, रौशन की गिरफ्तारी के बाद दूसरा आरोपी शेख इशू भागने की कोशिश में था, लेकिन पुलिस ने केतका इलाके में घेराबंदी कर उसे भी पकड़ लिया। पुलिस ने आरोपियों के पास से एक बाइक, एक स्कूटी और दो मोबाइल जब्त किए हैं। फिलहाल पुलिस तीसरे फरार आरोपी की तलाश में जुटी है। प्रारंभिक जांच में यह स्पष्ट हुआ है कि पूरी वारदात पैसे के लालच में और पहले से की गई रेकी के आधार पर अंजाम दी गई थी।



PUBLICSWARNEWS CGNEWS CGPOLICENEWS SURAJPURNEWS KOTVALITHANANEWS SURAJPURKOTVALINEWS RITAYARDKARMCHARIKIPATIKAARPHARANNEWS MAHILAKAAPHARANNEWS KARMCHARIKIPATNIKADRAIVARNEKIYAAPHARANNEWS 22LAKHKIFIRAUTINEWS

You might also like!


RAIPUR WEATHER