रायपुर सिविल लाइन में नाबालिग की चाकू मारकर हत्या, परिजनों ने थाने का किया घेराव



post

पब्लिक स्वर,रायपुर। रायपुर में एक बार फिर कानून-व्यवस्था पर सवाल खड़े करने वाली सनसनीखेज वारदात सामने आई है। सिविल लाइन थाना क्षेत्र में सोमवार देर रात 16 वर्षीय नाबालिग कुश बाघ की चाकू मारकर हत्या कर दी गई, जबकि उसके साथ मौजूद एक अन्य नाबालिग गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल बन गया और आक्रोशित परिजनों ने सिविल लाइन थाने का घेराव कर न्याय की मांग की।

पुलिस के अनुसार, घटना पंचशील नगर के पास जोगी मोहल्ला में रात करीब 11:30 बजे से 12 बजे के बीच हुई। बताया जा रहा है कि कुछ युवकों ने दो नाबालिगों पर अचानक हमला कर दिया और उन पर चाकू से ताबड़तोड़ वार किए। हमले में कुश बाघ की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसका साथी घायल अवस्था में अस्पताल में भर्ती है, जहां उसका इलाज जारी है।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पंचनामा कार्रवाई के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मामले में सिविल लाइन थाने में हत्या का अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।

वारदात के बाद मृतक के परिजन बड़ी संख्या में थाने पहुंचे और घेराव कर आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग करने लगे। स्थिति को संभालने के लिए डीएसपी सेंट्रल उमेश प्रसाद गुप्ता और एसीपी रमाकांत साहू मौके पर पहुंचे और परिजनों को समझाइश दी।

थाना प्रभारी तारकेश्वर पटेल ने बताया कि इस मामले में 4 संदिग्धों की भूमिका सामने आई है, जिन्हें पुलिस ने हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में आपसी रंजिश या विवाद की आशंका जताई जा रही है, हालांकि घटना के पीछे का सटीक कारण पूछताछ के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।



PUBLICSWARNEWS CGNEWS CGPOLICENEWS RAIPURNEWS RAIOURSIVILLAINENEWS SHIVILLAINEWS RAIPURMENABALIGKIHATYANEWS NABALIGKIHATYANEWS NABALIGKICHAKUMARKARHATYANEWS EKKIMAUTEKGHAYALNEWS

You might also like!


RAIPUR WEATHER