Header Ad


नदी किनारे अवैध महुआ शराब फैक्ट्री पर पुलिस का छापा, 240 लीटर कच्ची शराब और बाइक जब्त



post

पब्लिक स्वर,बिलासपुर। बिलासपुर जिले के कोटा थाना क्षेत्र में पुलिस ने अवैध महुआ शराब के कारोबार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए ग्राम पोड़ी स्थित अरपा नदी किनारे संचालित एक अवैध शराब फैक्ट्री का भंडाफोड़ किया है। छापेमारी के दौरान पुलिस ने 240 लीटर कच्ची महुआ शराब, शराब निर्माण में उपयोग होने वाले उपकरण और एक मोटरसाइकिल जब्त की है। हालांकि पुलिस की दबिश के दौरान मुख्य आरोपी अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गए।

मुखबिर की सूचना पर हुई कार्रवाई

कोटा पुलिस को सूचना मिली थी कि ग्राम पोड़ी के कोंदा बाड़ी क्षेत्र में अरपा नदी किनारे बड़े पैमाने पर महुआ शराब तैयार कर उसकी अवैध बिक्री की जा रही है। सूचना की पुष्टि के बाद पुलिस टीम ने योजनाबद्ध तरीके से मौके पर दबिश दी। पुलिस जब बताए गए स्थान पर पहुंची तो वहां एक झोपड़ीनुमा मकान में अवैध शराब निर्माण का काम चल रहा था। पुलिस को देखते ही वहां मौजूद आरोपी देव प्रसाद बारले, करण लहरे और उनके अन्य साथी नदी की ओर भाग निकले। अंधेरा और नदी किनारे का इलाका होने के कारण आरोपी पुलिस के हाथ नहीं लग सके।

240 लीटर कच्ची महुआ शराब बरामद

तलाशी के दौरान पुलिस ने झोपड़ी की परछी में रखी बड़ी मात्रा में कच्ची महुआ शराब जब्त की। जांच में तीन बड़ी एल्यूमिनियम देकचियों में 45-45 लीटर तथा तीन अन्य देकचियों में 15-15 लीटर शराब भरी मिली। कुल मिलाकर 240 लीटर कच्ची महुआ शराब बरामद की गई। इसके अलावा शराब निर्माण और परिवहन में इस्तेमाल किए जा रहे तीन टुल्लू पंप तथा एक मोटरसाइकिल (सीजी 28 जे 8216) भी पुलिस ने जब्त कर ली।

आबकारी एक्ट के तहत मामला दर्ज

पुलिस ने जब्त सामग्री को कब्जे में लेकर आरोपियों के खिलाफ आबकारी अधिनियम की धारा 34(2) के तहत अपराध दर्ज किया है। फरार आरोपियों की पहचान तरकीडीह महुआभाटा निवासी देव प्रसाद बारले और परसाकापा निवासी करण लहरे के रूप में हुई है। पुलिस उनके अन्य सहयोगियों की भी पहचान कर रही है।

लगातार कार्रवाई की तैयारी

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि अवैध शराब के निर्माण और कारोबार के खिलाफ अभियान जारी रहेगा। फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दी जा रही है। प्रारंभिक जांच में यह भी पता लगाया जा रहा है कि अवैध रूप से तैयार की जा रही शराब की आपूर्ति किन क्षेत्रों में की जा रही थी और इस कारोबार से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका क्या थी।



PUBLICSWARNEWS CGNEWS CGPOLICENEWS BILASPURNEWS KOTATHANANEWS BILASPURKOTATHANANEWS NADIKINAREAVIDHSARABNEWS AVIDHSARABFAICTORINEWS AVIDHSARABFAICTORIPARPOLICEKACHAPANEWS

You might also like!