पब्लिक स्वर,दुर्ग। सोशल मीडिया पर खुद को गैंगस्टर, डॉन और इलाके का किंग बताकर वीडियो और पोस्ट अपलोड करने वाले युवाओं के खिलाफ भिलाई पुलिस ने सख्त कार्रवाई की है। पुलिस ने दो युवकों के खिलाफ प्रतिबंधात्मक कार्रवाई करते हुए उन्हें सार्वजनिक रूप से उठक-बैठक कराई और कान पकड़कर जुलूस भी निकलवाया। वहीं, मामले में शामिल चार नाबालिगों को काउंसलिंग प्रक्रिया से जोड़ा गया है।
पुलिस के अनुसार, शहर में सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर हथियारों का प्रदर्शन, आपत्तिजनक वीडियो, नशे से जुड़े कंटेंट और असामाजिक गतिविधियों को बढ़ावा देने वाली पोस्ट लगातार सामने आ रही थीं। इसे गंभीरता से लेते हुए साइबर सेल और स्थानीय पुलिस ने ऐसे अकाउंट्स की निगरानी शुरू की, जिनके जरिए युवाओं के बीच गलत संदेश फैलाया जा रहा था।
जांच में 6 युवकों की पहचान
साइबर मॉनिटरिंग के दौरान पुलिस ने कुल छह युवकों की पहचान की, जो सोशल मीडिया पर खुद को अपराधी छवि में पेश कर रहे थे। पूछताछ के लिए बुलाए गए युवकों में चार नाबालिग निकले, जबकि दो बालिग युवक पाए गए। जांच के दौरान उनके मोबाइल फोन और सोशल मीडिया अकाउंट्स की पड़ताल की गई, जिसमें कई आपत्तिजनक और भड़काऊ पोस्ट मिलीं। पुलिस ने तत्काल सभी विवादित पोस्ट हटवाईं और संबंधित युवकों को भविष्य में ऐसी गतिविधियों से दूर रहने की चेतावनी दी।
दो युवकों पर प्रतिबंधात्मक कार्रवाई
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने कुलदीप सिंह (23), निवासी सेक्टर-11 और दुर्गेश सोनी (21), निवासी प्रगति नगर कैंप-1 के खिलाफ थाना छावनी में प्रतिबंधात्मक धाराओं के तहत वैधानिक कार्रवाई की। दोनों के मोबाइल फोन में भी आपत्तिजनक सामग्री और सोशल मीडिया पोस्ट पाए गए थे। पुलिस ने कार्रवाई के तहत दोनों युवकों को उठक-बैठक कराई और कान पकड़कर जुलूस निकाला, ताकि समाज में यह संदेश जाए कि सोशल मीडिया का दुरुपयोग और अपराधी छवि का प्रदर्शन बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
नाबालिगों के परिजनों को दी गई समझाइश
मामले में शामिल चारों नाबालिगों के माता-पिता को थाने बुलाया गया। पुलिस अधिकारियों ने उन्हें बच्चों की ऑनलाइन गतिविधियों पर नजर रखने की सलाह दी और सोशल मीडिया के जिम्मेदार उपयोग के प्रति जागरूक किया। पुलिस का कहना है कि नाबालिगों को सुधारात्मक दृष्टिकोण अपनाते हुए काउंसलिंग और मार्गदर्शन दिया जा रहा है, ताकि वे भविष्य में इस तरह की गतिविधियों से दूर रहें।
सोशल मीडिया मॉनिटरिंग अभियान जारी
भिलाई पुलिस ने स्पष्ट किया है कि सोशल मीडिया पर अपराध, हिंसा, नशे या हथियारों का महिमामंडन करने वाले कंटेंट के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। पुलिस ऐसे अकाउंट्स पर नजर रख रही है जो युवाओं को गलत दिशा में प्रेरित करने का काम कर रहे हैं। अधिकारियों ने लोगों से भी अपील की है कि सोशल मीडिया का उपयोग जिम्मेदारी के साथ करें और किसी भी तरह की भड़काऊ या गैरकानूनी सामग्री साझा करने से बचें।

User 1








