पब्लिक स्वर,सक्ती। सक्ती जिले के मालखरौदा थाना क्षेत्र के संदुरस गांव में एक बुजुर्ग दंपति की हत्या से सनसनी फैल गई है। अज्ञात हमलावरों ने घर के भीतर घुसकर दंपति की बेरहमी से हत्या कर दी। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि दोनों की हत्या किसी भारी वस्तु से सिर पर वार कर की गई है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक प्रफुल्ल ठाकुर, डॉग स्क्वायड और एफएसएल (फॉरेंसिक साइंस लैब) की टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।
घर के कमरे में खून से लथपथ मिले शव
जानकारी के अनुसार, संदुरस गांव निवासी पुरुषोत्तम खूंटे (70 वर्ष) अपनी पत्नी गोहारिन बाई (55 वर्ष) के साथ घर में रहते थे। बुधवार सुबह पड़ोसियों को उनके घर से कोई गतिविधि दिखाई नहीं दी। काफी देर तक कोई हलचल नहीं होने पर ग्रामीण घर के अंदर पहुंचे, जहां कमरे में दोनों के शव खून से लथपथ हालत में पड़े मिले।घटना की जानकारी मिलते ही गांव में हड़कंप मच गया और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जुट गए। इसके बाद मामले की सूचना तत्काल मालखरौदा पुलिस को दी गई।
पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने किया घटनास्थल का निरीक्षण
सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक प्रफुल्ल ठाकुर के नेतृत्व में पुलिस टीम मौके पर पहुंची। डॉग स्क्वायड और एफएसएल की टीम ने भी घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया और साक्ष्य जुटाने की कार्रवाई की। प्रारंभिक जांच में संकेत मिले हैं कि हमलावर ने किसी भारी और वजनदार वस्तु से दंपति के सिर पर कई वार किए, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। हत्या इतनी निर्ममता से की गई कि दोनों के शव बुरी तरह क्षत-विक्षत अवस्था में मिले।
हत्या के पीछे की वजह अभी रहस्य
फिलहाल पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि हत्या के पीछे का मकसद क्या था। अभी तक यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि वारदात को अंजाम देने वाले कौन थे और उनकी दंपति से क्या रंजिश थी। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है और विभिन्न पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच आगे बढ़ा रही है।
गांव में दहशत का माहौल
डबल मर्डर की इस वारदात के बाद पूरे संदुरस गांव में भय और दहशत का माहौल है। ग्रामीण घटना को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं कर रहे हैं। बुजुर्ग दंपति की हत्या ने क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी सवाल खड़े कर दिए हैं। पुलिस का कहना है कि सभी संभावित पहलुओं की जांच की जा रही है और जल्द ही मामले का खुलासा करने का प्रयास किया जाएगा।

User 1








