पब्लिक स्वर,रायगढ़। रायगढ़ जिले के धरमजयगढ़ थाना क्षेत्र में एक दर्दनाक हादसे में 19 वर्षीय युवक की मांड नदी में डूबने से मौत हो गई। युवक ने अंबेटिकरा पुल से करीब 35 फीट की ऊंचाई से नदी में छलांग लगाई थी, लेकिन वह दोबारा पानी से बाहर नहीं आ सका। घटना के दौरान उसके दोस्तों ने मोबाइल से वीडियो भी बनाया, जो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। करीब 22 घंटे तक चले सर्च ऑपरेशन के बाद डीडीआरएफ और पुलिस की टीम ने युवक का शव बरामद किया।
मंदिर दर्शन के बाद नदी में नहाने पहुंचे थे युवक
जानकारी के मुताबिक, छाल थाना क्षेत्र के हाटी गांव निवासी जयसिंह अघरिया (19 वर्ष) मंगलवार को अपने दोस्तों होरीलाल और पिंटू निषाद के साथ अंबेटिकरा मंदिर दर्शन के लिए गया था। दर्शन के बाद तीनों युवक अंबेटिकरा पुल के पास बहने वाली मांड नदी में नहाने पहुंचे। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, नहाने के दौरान जयसिंह पुल पर चढ़ गया। उसने अपने मोबाइल से वीडियो रिकॉर्ड किया और फिर करीब 35 फीट ऊंचे पुल से नदी में छलांग लगा दी। नदी में गिरने के बाद वह दोबारा दिखाई नहीं दिया।
दोस्तों ने तलाश की, नहीं मिला कोई सुराग
जयसिंह के पानी से बाहर नहीं आने पर उसके दोस्तों ने तत्काल नदी में उतरकर उसकी तलाश शुरू की, लेकिन सफलता नहीं मिली। घटना की खबर मिलते ही आसपास के ग्रामीण बड़ी संख्या में मौके पर पहुंच गए। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई।
पुलिस और डीडीआरएफ ने चलाया सर्च ऑपरेशन
सूचना मिलने पर धरमजयगढ़ पुलिस गोताखोरों के साथ मौके पर पहुंची और मंगलवार शाम तक युवक की तलाश की गई। हालांकि अंधेरा होने और नदी की परिस्थितियों के कारण रेस्क्यू ऑपरेशन में सफलता नहीं मिली। बुधवार सुबह डीडीआरएफ (डिस्ट्रिक्ट डिजास्टर रिस्पांस फोर्स) की टीम ने दोबारा सर्च ऑपरेशन शुरू किया। कई घंटों की मशक्कत के बाद घटना के करीब 22 घंटे बाद युवक का शव नदी में तैरता हुआ मिला, जिसे टीम ने बाहर निकाला।
पुलिस ने शुरू की आगे की कार्रवाई
धरमजयगढ़ थाना प्रभारी राजेश जांगड़े ने बताया कि युवक नहाने के दौरान पुल से छलांग लगाने के बाद लापता हो गया था। पुलिस और रेस्क्यू टीम लगातार उसकी तलाश कर रही थी। शव बरामद कर लिया गया है और पंचनामा कार्रवाई के बाद पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा गया है। मामले की जांच जारी है।
लगातार सामने आ रहे डूबने के मामले
गौरतलब है कि हाल के दिनों में प्रदेश में डूबने की घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं। इससे पहले बिलासपुर जिले में भी अलग-अलग हादसों में दो युवकों की जान चली गई थी। एक युवक रतनपुर में तालाब से कमल ककड़ी निकालने के दौरान गहरे पानी में डूब गया था, जबकि दूसरा युवक कोटा क्षेत्र के कोरी डेम में दोस्तों के साथ नहाने गया था, जहां उसकी मौत हो गई।

User 1








