पब्लिक स्वर,बचेली। भीषण गर्मी के बीच बचेली नगर में बस यात्रियों की परेशानियां लगातार बढ़ती जा रही हैं। एक तरफ तापमान लगातार रिकॉर्ड तोड़ रहा है, तो दूसरी ओर बस स्टॉप पर प्रतिक्षालय और छांव की समुचित व्यवस्था नहीं होने से आम लोग तपती धूप में घंटों खड़े रहने को मजबूर हैं। इस मुद्दे को लेकर बचेली कांग्रेस ने नगरपालिका प्रशासन पर गंभीर सवाल खड़े किए हैं।
कांग्रेस के ब्लॉक अध्यक्ष राजेंद्र कुमार ने नगर पालिका की कार्यशैली पर निशाना साधते हुए कहा कि पालिका के अधिकारी दिनभर एयर कंडीशन कमरों में बैठकर काम कर रहे हैं, लेकिन जनता की बुनियादी समस्याओं की ओर कोई ध्यान नहीं दिया जा रहा। उन्होंने कहा कि बसों से सफर करने वाले बुजुर्ग, महिलाएं, बच्चे और मजदूर वर्ग सबसे ज्यादा परेशान हैं। तेज धूप और गर्म हवाओं के बीच यात्रियों के लिए न तो पर्याप्त छांव है और न ही बैठने की व्यवस्था।
राजेंद्र कुमार ने आरोप लगाया कि नगर पालिका स्वच्छता, पेयजल और जनसुविधाओं को लेकर बड़े-बड़े दावे तो करती है, लेकिन जमीनी स्तर पर हालात बिल्कुल अलग दिखाई दे रहे हैं। नगर में लंबे समय से प्रतिक्षालय की कमी बनी हुई है, बावजूद इसके अब तक कोई ठोस पहल नहीं की गई।
उन्होंने मांग की कि बस स्टैंड सहित प्रमुख सार्वजनिक स्थानों पर तत्काल छायादार प्रतिक्षालय, शुद्ध पेयजल और बैठने की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, ताकि भीषण गर्मी में यात्रियों को राहत मिल सके। इसके अलावा बस स्टॉप पर शौचालय की व्यवस्था भी नहीं है जिससे ज्यादातर महिला यात्रियों को भारी परेशानी उठानी पड़ती है।
वहीं स्थानीय नागरिकों ने भी नगरपालिका प्रशासन के प्रति नाराजगी जताई है। लोगों का कहना है कि जनसुविधाओं की लगातार अनदेखी की जा रही है और यदि जल्द व्यवस्था नहीं सुधरी तो आने वाले दिनों में गर्मी के कारण यात्रियों की परेशानियां और बढ़ सकती हैं।

User 1










