फाइनेंस कंपनी के रिकवरी एजेंट से 70 हजार की लूट, आरोपियों की तलाश जारी



post

पब्लिक स्वर,गौरेला-पेंड्रा-मरवाही। गौरेला-पेंड्रा-मरवाही जिले के गौरेला थाना क्षेत्र में लूट की एक वारदात सामने आई है। करंगरा घाट के पास एक निजी फाइनेंस कंपनी के रिकवरी एजेंट से करीब 70 हजार रुपये लूट लिए गए। घटना को दो मोटरसाइकिलों पर सवार चार अज्ञात युवकों ने अंजाम दिया। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार मध्यप्रदेश के अनूपपुर जिले के ग्राम खालबहरा निवासी मनोज कुमार राठौर एक निजी फाइनेंस कंपनी में रिकवरी एजेंट के रूप में कार्यरत हैं। कंपनी ग्रामीण क्षेत्रों की महिलाओं को वित्तीय सहायता उपलब्ध कराती है, जिसकी मासिक किश्तों की वसूली एजेंटों के माध्यम से की जाती है।

बताया गया कि शुक्रवार को मनोज कुमार राठौर वसूली कार्य के लिए अनूपपुर जिले से लगे पोड़की गांव पहुंचे थे। यहां उन्होंने कंपनी से जुड़े 27 महिला हितग्राहियों से ऋण की किश्त के रूप में लगभग 70 हजार रुपये एकत्र किए। वसूली पूरी करने के बाद वे रकम लेकर गौरेला स्थित कंपनी कार्यालय लौट रहे थे।

इसी दौरान गौरेला-पोड़की मुख्य मार्ग पर स्थित करंगरा घाट के पास दो मोटरसाइकिलों में सवार चार युवक अचानक उनके सामने आ गए। आरोप है कि बदमाशों ने उनका रास्ता रोक लिया और रुपयों से भरा बैग छीनकर मौके से फरार हो गए। पूरी घटना इतनी तेजी से हुई कि पीड़ित कोई प्रतिरोध नहीं कर सका।

लूट की वारदात के बाद मनोज कुमार राठौर सीधे गौरेला थाना पहुंचे और घटना की जानकारी पुलिस को दी। शिकायत के आधार पर पुलिस ने चार अज्ञात आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की संबंधित धाराओं के तहत अपराध दर्ज कर लिया है।

पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू कर दी है। जांच टीम आसपास के मार्गों में लगे सीसीटीवी कैमरों की जानकारी जुटाने, संदिग्ध व्यक्तियों की गतिविधियों की पड़ताल करने तथा तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों तक पहुंचने का प्रयास कर रही है। पुलिस का कहना है कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है और जल्द ही आरोपियों की पहचान कर गिरफ्तारी की कार्रवाई की जाएगी।



PUBLICSWARNEWS CGNEWS CGPOLICENEWS GPMNEWS GAURELAPENDRAMARVAHINEWS GAURELATHANANEWS FAINENCHECPMPANIKERICOVRIAGENTSELOOTNEWS 70HAJARKILOOTNEWS RECOVRYAGENTSELOOTNEWS

You might also like!