Header Ad


एक हफ्ते पुरानी रंजिश में डीजे ऑपरेटर की पीट-पीटकर हत्या, 7 आरोपी गिरफ्तार



post

पब्लिक स्वर,कोरबा। सोशल मीडिया पर शुरू हुआ एक विवाद कोरबा में खूनी संघर्ष में बदल गया। कोतवाली थाना क्षेत्र के रामसागर पारा में रविवार देर रात पुरानी रंजिश के चलते 22 वर्षीय डीजे ऑपरेटर की बेरहमी से हत्या कर दी गई। आरोप है कि मोहल्ले के ही एक व्यक्ति ने अपने नाबालिग बेटे और अन्य साथियों के साथ मिलकर युवक पर चाकू, लाठी और ईंट से हमला किया। घटना का वीडियो भी सामने आया है, जो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।

हमले में मृतक का एक दोस्त भी गंभीर रूप से घायल हुआ है, जिसका अस्पताल में उपचार जारी है। घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल बन गया। गुस्साए लोगों ने आरोपियों के घर पहुंचकर तोड़फोड़ भी की। पुलिस ने मामले में दो मुख्य आरोपियों समेत कुल सात लोगों को गिरफ्तार कर लिया है।

एक सप्ताह पुराने विवाद ने ली जान

पुलिस जांच में सामने आया है कि मृतक रवि यादव (22) और आरोपी महेंद्र गंगवानी के बीच करीब एक सप्ताह पहले इंस्टाग्राम स्टोरी को लेकर विवाद हुआ था। विवाद इतना बढ़ा कि दोनों पक्षों के बीच मारपीट हुई और इसकी शिकायत थाने तक पहुंची थी। हालांकि बाद में मामला शांत हो गया था। पुलिस के अनुसार, विवाद की शुरुआत जिस इंस्टाग्राम स्टोरी से हुई, उसकी वास्तविक सामग्री और कारणों की जांच अभी जारी है। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि सोशल मीडिया पर साझा की गई कौन-सी पोस्ट या स्टोरी दोनों पक्षों के बीच तनाव की वजह बनी।

घर लौटते समय हुआ आमना-सामना

जानकारी के मुताबिक रवि यादव रामसागर पारा का रहने वाला था और डीजे ऑपरेटर के रूप में काम करता था। रविवार रात वह किसी कार्यक्रम से लौट रहा था। इसी दौरान रामसागर पारा क्षेत्र में उसकी मुलाकात महेंद्र गंगवानी से हो गई। बताया जा रहा है कि दोनों के बीच पुराना विवाद फिर उभर आया और देखते ही देखते बहस हिंसक झड़प में बदल गई। आरोप है कि महेंद्र ने अपने नाबालिग बेटे और अन्य साथियों को बुला लिया, जिसके बाद सभी ने मिलकर रवि पर हमला कर दिया।

चाकू, ईंट और लाठी से किया हमला

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार आरोपियों के हाथों में चाकू, लाठी और ईंटें थीं। उन्होंने रवि के सिर और शरीर के कई हिस्सों पर लगातार वार किए। गंभीर चोटों और अत्यधिक रक्तस्राव के कारण रवि मौके पर ही गिर पड़ा और उसकी मौत हो गई। घटना के दौरान रवि का एक दोस्त उसे बचाने पहुंचा, लेकिन आरोपियों ने उस पर भी हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल युवक को तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका इलाज जारी है।

वारदात का वीडियो आया सामने

घटना के दौरान मौके पर बड़ी संख्या में लोग जमा हो गए थे। इसी बीच कुछ लोगों ने पूरी घटना का वीडियो अपने मोबाइल फोन में रिकॉर्ड कर लिया। यह वीडियो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है और घटना की गंभीरता को दर्शाता है। हालांकि पुलिस ने वायरल वीडियो को भी जांच का हिस्सा बनाया है और उसके आधार पर घटनाक्रम की पुष्टि की जा रही है।

हत्या के बाद बढ़ा तनाव, आरोपियों के घरों में तोड़फोड़

रवि यादव की मौत की खबर फैलते ही इलाके में आक्रोश फैल गया। नाराज लोगों ने आरोपियों के घर पहुंचकर तोड़फोड़ की। स्थिति को देखते हुए पुलिस ने क्षेत्र में अतिरिक्त बल तैनात कर दिया ताकि कानून-व्यवस्था बनी रहे।

7 आरोपी गिरफ्तार, जांच जारी

सूचना मिलते ही कोतवाली थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घायल युवक को अस्पताल भेजा। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया। त्वरित कार्रवाई करते हुए मामले में दो मुख्य आरोपियों समेत कुल सात लोगों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस का कहना है कि हत्या में शामिल अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच की जा रही है। साथ ही सोशल मीडिया विवाद और घटना के पीछे की पूरी पृष्ठभूमि को खंगाला जा रहा है।



PUBLIC SWAR NEWS, CG NEWS, CG POLICE NEWS, KORBA NEWS KOTVALI THANA NEWS, KORBA KOTVALI THANA NEWS, EK HAFTA PURANA RANJISH NEWS PURANA RANJISH NEWS DJ OPRETAR KI HATYA NEWS, LATHI DANDE OR PATHAR SE HAMLA NEWS

You might also like!


RAIPUR WEATHER