पब्लिक स्वर,बालोद। बालोद जिले के डौंडी थाना क्षेत्र के बंधिया पारा से एक बेहद संवेदनशील और चिंताजनक मामला सामने आया है, जहां 17 वर्षीय छात्र राजवीर बघेल ने फांसी लगाकर अपनी जान दे दी। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, वह 10वीं कक्षा में लगातार दो वर्षों से असफल हो रहा था और इसी वजह से गहरे मानसिक तनाव में था। इस घटना ने न सिर्फ परिवार बल्कि पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है।
परिजनों के मुताबिक, राजवीर पढ़ाई को लेकर पहले से ही दबाव में था। पिछले साल वह 6 विषयों में फेल हुआ था, जिसके बाद इस बार उसने दोबारा परीक्षा दी, लेकिन इस वर्ष भी वह 5 विषयों में पास नहीं हो सका। रिजल्ट आने के बाद से वह चुपचाप रहने लगा था और मानसिक रूप से काफी परेशान नजर आ रहा था। परिवार को इस बात का अंदेशा नहीं था कि वह इतना बड़ा कदम उठा सकता है।
घटना वाले दिन जब घर के लोगों ने उसे फंदे पर लटका देखा तो तुरंत पुलिस को सूचना दी गई। मौके पर पहुंची डौंडी थाना पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा कार्रवाई पूरी की और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि क्या केवल परीक्षा में असफलता ही वजह थी या इसके पीछे अन्य कोई कारण भी था।

User 1









