पब्लिक स्वर,दंतेवाड़ा। दंतेवाड़ा जिले से एक बेहद दुखद मामला सामने आया है। सड़क हादसे के बाद मानसिक तनाव में आए एक ट्रक ड्राइवर ने आत्महत्या कर ली। आत्महत्या से पहले उसने करीब 8 वीडियो रिकॉर्ड कर सोशल मीडिया पर पोस्ट किए, जिनमें उसने खुद को निर्दोष बताते हुए मारपीट और जान से मारने की धमकी दिए जाने के गंभीर आरोप लगाए हैं। मृतक की पहचान महासमुंद निवासी ताम्रध्वज साहू (25 वर्ष) के रूप में हुई है।
जानकारी के अनुसार, गुरुवार को ताम्रध्वज साहू सामान से लदा ट्रक लेकर जगदलपुर से गीदम की ओर जा रहा था। इसी दौरान गीदम थाना क्षेत्र के बंजारी घाट में सामने से आ रही एक मर्सिडीज कार से ट्रक की टक्कर हो गई। हादसे के बाद दोनों पक्षों के बीच विवाद हो गया। आत्महत्या से पहले रिकॉर्ड किए गए वीडियो में ताम्रध्वज ने आरोप लगाया कि दुर्घटना के बाद कार सवार लोगों ने उसके साथ मारपीट की। उसने दावा किया कि मौके पर कुछ अन्य लोगों को भी बुलाया गया, जिन्होंने उसे पीटा और उसके परिवार को बर्बाद करने तथा जान से मारने की धमकी दी।
वीडियो में ताम्रध्वज ने कहा, "मां मुझे माफ कर देना, मैं अपनी जिम्मेदारियां नहीं निभा पाया। लक्ष्मण भैया, मेरी कोई गलती नहीं थी। मैंने ब्रेक लगाया था, लेकिन गाड़ी कंट्रोल नहीं हो पाई। मर्सिडीज वालों ने मुझे बहुत मारा और धमकाया, इसलिए मैं अपनी जान दे रहा हूं।" उसने यह भी दावा किया कि हादसे के समय ट्रक न्यूट्रल में था और उसने वाहन रोकने की कोशिश की, लेकिन एक तरफ का ब्रेक ही काम कर पाया, जिससे ट्रक नियंत्रण से बाहर हो गया।
वीडियो के आधार पर शुरू हुई तलाश
मामले की जांच कर रहे SDOP गोविंद सिंह दीवान ने बताया कि ट्रक मालिक ने पुलिस को फोन कर युवक द्वारा आत्महत्या किए जाने की आशंका जताई थी। ट्रक मालिक ने पुलिस को जानकारी दी कि ताम्रध्वज ने सोशल मीडिया पर कुछ वीडियो पोस्ट किए हैं। इसके बाद पुलिस ने युवक के मोबाइल नंबर की लोकेशन ट्रेस की। लोकेशन मिलने पर पुलिस टीम बंजारी घाट के पास पहुंची, जहां मुख्य सड़क से कुछ दूरी पर एक पेड़ से युवक का शव फांसी के फंदे पर लटका मिला।
वीडियो में बताया था फांसी लगाने का स्थान
पुलिस के अनुसार, वीडियो में ताम्रध्वज ने यह भी बताया था कि वह मुख्य सड़क से करीब 30-40 मीटर अंदर एक पेड़ के पास फांसी लगाने जा रहा है। इसके बाद उसने रस्सी का फंदा तैयार किया और आत्महत्या कर ली।
पुलिस कर रही जांच
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। दुर्घटना में शामिल मर्सिडीज वाहन बीजापुर जिले के एक व्यक्ति का बताया जा रहा है। पुलिस सोशल मीडिया पर पोस्ट किए गए वीडियो, घटनास्थल से मिले साक्ष्यों और अन्य तथ्यों के आधार पर पूरे मामले की जांच कर रही है। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि हादसे के बाद वास्तव में क्या घटनाक्रम हुआ था। पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है और जांच रिपोर्ट के बाद ही मामले की पूरी तस्वीर सामने आ सकेगी।

User 1








