Header Ad


पानी को लेकर शुरू हुए विवाद में यात्री और कैंटीन कर्मचारी के बीच जमकर मारपीट



post

पब्लिक स्वर,रायगढ़। रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर-1 पर रविवार शाम एक यात्री और कैंटीन कर्मचारी के बीच हुए विवाद ने देखते ही देखते हिंसक रूप ले लिया। मामूली कहासुनी से शुरू हुआ मामला हाथापाई तक पहुंच गया, जिसका वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। हालांकि घटना के बावजूद अब तक किसी भी पक्ष ने पुलिस या रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) के पास लिखित शिकायत दर्ज नहीं कराई है।

पानी लेने को लेकर शुरू हुआ विवाद

मिली जानकारी के अनुसार, रविवार शाम करीब 4 बजे चर्लापल्ली-दरभंगा एक्सप्रेस (ट्रेन नंबर 17007) रायगढ़ रेलवे स्टेशन पहुंची थी। इसी दौरान ट्रेन में सफर कर रहा एक यात्री पानी लेने के लिए प्लेटफॉर्म पर स्थित कैंटीन के पास पहुंचा। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, पानी को लेकर यात्री और कैंटीन कर्मचारी के बीच किसी बात पर विवाद शुरू हो गया। शुरुआत में दोनों पक्षों के बीच केवल बहस हुई, लेकिन कुछ ही मिनटों में माहौल तनावपूर्ण हो गया और विवाद मारपीट में बदल गया। प्लेटफॉर्म पर मौजूद यात्रियों और अन्य लोगों ने बीच-बचाव का प्रयास किया, लेकिन दोनों पक्ष एक-दूसरे पर हमला करते रहे।

33 सेकंड का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल

घटना का लगभग 33 सेकंड का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वीडियो में दोनों पक्षों के बीच जमकर धक्का-मुक्की और हाथापाई होती दिखाई दे रही है। वायरल फुटेज में एक व्यक्ति को प्लेटफॉर्म पर पटकते हुए भी देखा जा सकता है, जिससे घटना की गंभीरता का अंदाजा लगाया जा सकता है। वीडियो सामने आने के बाद यह मामला सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बन गया है। लोग रेलवे स्टेशन जैसे संवेदनशील और सार्वजनिक स्थान पर सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी सवाल उठा रहे हैं।

आरपीएफ जवान ने संभालने की कोशिश की स्थिति

वायरल वीडियो में रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) का एक जवान भी मौके पर मौजूद दिखाई देता है। जवान सीटी बजाकर और हस्तक्षेप कर दोनों पक्षों को अलग करने तथा स्थिति को नियंत्रित करने का प्रयास करता नजर आ रहा है। हालांकि विवाद कुछ समय तक जारी रहा, जिसके बाद मामला शांत कराया गया।

शिकायत नहीं, इसलिए नहीं हुई एफआईआर

मामले को लेकर आरपीएफ प्रभारी कुलदीप कुमार ने बताया कि घटना की जानकारी सामने आई है, लेकिन अब तक किसी भी पक्ष की ओर से लिखित शिकायत नहीं दी गई है। शिकायत प्राप्त नहीं होने के कारण मामले में एफआईआर या अन्य कानूनी कार्रवाई नहीं की गई है।



PUBLIC SWAR NEWS, CG NEWS, CG POLICE NEWS, RAYGADH NEWS, PANI KO LEKAR VIVAD NEWS YATRI OR CANTIN KARMCHARI KE BICH MARPIT NEWS, MARPIT NEWS

You might also like!