पब्लिक स्वर,राजनांदगांव। राजनांदगांव जिले में अवैध शराब कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत मोहारा पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने कोटरीछापर रोड स्थित मुढिया नाला के पास डंप कर रखी गई 9 पेटी अवैध शराब जब्त की है। बरामद शराब मध्यप्रदेश निर्मित बताई जा रही है, जिसे इलाके में खपाने की तैयारी थी। कार्रवाई के दौरान तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया, जबकि मुख्य तस्कर मौके से फरार हो गया।
पुलिस के मुताबिक, मुखबिर से सूचना मिली थी कि ग्राम मोहारा निवासी नंदकिशोर वर्मा उर्फ छोटा कट्टी नाले के पास भारी मात्रा में शराब छिपाकर अवैध बिक्री कर रहा है। सूचना मिलते ही मोहारा थाना पुलिस ने टीम बनाकर इलाके में दबिश दी। पुलिस को देखकर वहां मौजूद कुछ लोग भागने लगे, जिसके बाद घेराबंदी कर देवव्रत वर्मा, चुम्मन सिन्हा और महेंद्र वर्मा को पकड़ लिया गया।तलाशी के दौरान मौके से 9 पेटी शराब बरामद हुई। प्रारंभिक जांच में शराब मध्यप्रदेश की पाई गई, जिसे छत्तीसगढ़ में अवैध तरीके से खपाने की आशंका जताई जा रही है। पुलिस ने जब्त शराब और आरोपियों को हिरासत में लेकर आबकारी एक्ट के तहत कार्रवाई शुरू कर दी है।
वहीं इस पूरे नेटवर्क का मुख्य आरोपी नंदकिशोर वर्मा उर्फ छोटा कट्टी मौके से फरार हो गया। पुलिस उसकी तलाश में संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है। अधिकारियों का कहना है कि मामले की जांच के दौरान शराब तस्करी से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका भी सामने आ सकती है। सीमा से लगे जिलों में मध्यप्रदेश से अवैध शराब की तस्करी लंबे समय से पुलिस और आबकारी विभाग के लिए चुनौती बनी हुई है। सस्ती दरों और अधिक मुनाफे के कारण तस्कर गांवों और सुनसान इलाकों को शराब डंपिंग का सुरक्षित ठिकाना बना रहे हैं। ऐसे में मोहारा पुलिस की यह कार्रवाई अवैध कारोबार पर बड़ी चोट मानी जा रही है।

User 1












