भाई से साथ रिश्तेदार के घर जा रही युवती से सामूहिक दुष्कर्म, पुलिस हिरासत में 3 आरोपी



post

पब्लिक स्वर,बलरामपुर। बलरामपुर जिले में एक 19 वर्षीय युवती के साथ कथित सामूहिक दुष्कर्म का गंभीर मामला सामने आया है। आरोप है कि तीन युवकों ने युवती के फुफेरे भाई को बंधक बनाकर उसके सामने ही वारदात को अंजाम दिया। घटना वाड्रफनगर चौकी क्षेत्र के कोटराही जंगल की बताई जा रही है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तीन संदिग्ध युवकों को हिरासत में लिया है और मामले की जांच जारी है।

रिश्तेदार के घर जाते समय हुई वारदात

प्राप्त जानकारी के अनुसार, पीड़िता बसंतपुर थाना क्षेत्र की रहने वाली है। रविवार दोपहर वह अपने फुफेरे भाई के साथ पैदल रिश्तेदार के घर जा रही थी। दोनों कोटराही जंगल के रास्ते से गुजर रहे थे। इसी दौरान बाइक सवार दो युवकों ने उन्हें रोक लिया। बताया जा रहा है कि दोनों आरोपियों ने पहले युवती और उसके भाई से पूछताछ की और फिर उन्हें जबरन जंगल के भीतर ले गए। वहां युवती के फुफेरे भाई के हाथ-पैर बांधकर उसे बंधक बना लिया गया।

भाई के सामने किया दुष्कर्म

आरोप है कि दोनों युवकों ने बंधक बनाए गए युवक के सामने ही युवती के साथ दुष्कर्म किया। इसके बाद आरोपियों ने अपने एक अन्य साथी को फोन कर मौके पर बुलाया। मौके पर पहुंचे तीसरे युवक ने भी युवती के साथ दुष्कर्म किया। घटना को अंजाम देने के बाद तीनों आरोपी मौके से फरार हो गए। किसी तरह पीड़िता और उसका भाई वहां से निकले और वाड्रफनगर पहुंचकर पुलिस को पूरी घटना की जानकारी दी।

पुलिस ने तीन संदिग्धों को लिया हिरासत में

शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने तत्काल जांच शुरू की। वाड्रफनगर चौकी प्रभारी डाकेश्वर सिंह के अनुसार, पुलिस ने कार्रवाई करते हुए तीन युवकों को हिरासत में लिया है। प्रारंभिक जानकारी में सभी आरोपी कोटराही गांव के निवासी बताए जा रहे हैं। पुलिस ने पीड़िता और आरोपियों का मेडिकल परीक्षण कराने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। साथ ही घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं। मामले में विभिन्न धाराओं के तहत अपराध दर्ज कर आगे की जांच की जा रही है।

जांच के बाद स्पष्ट होगी पूरी तस्वीर

पुलिस का कहना है कि मामले के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। मेडिकल रिपोर्ट, पीड़िता के बयान और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल तीनों संदिग्ध पुलिस हिरासत में हैं और उनसे पूछताछ जारी है।



PUBLICSWARNEWS CGNEWS CGPOLICENEWS BALRAMPURNEWS VADRAFNAGARNEWS BALRAMPURVADRAFNAGARNEWS SAMUHIKDUSRAMNEWS BHAIKESATHRISTEDARKEGHARJARAHIYUVTISESAMUHIKDUSKARMNEWS BHAIKOBANDHAKBANAKARYUVTISESAMUHIKDUSKARMNEWS BHAIKESAMNEBAHANKESATHSAMUHIKDUSKARMNEWS

You might also like!