रायपुर रेलवे स्टेशन परिसर में महिला से मारपीट, आरोपियों पर कार्रवाई की मांग



post

पब्लिक स्वर,रायपुर। रायपुर के रेलवे स्टेशन परिसर से एक शर्मनाक घटना का वीडियो सामने आया है, जिसने लोगों को झकझोर कर रख दिया है। सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहे वीडियो में कुछ युवक एक महिला के साथ सरेआम मारपीट करते नजर आ रहे हैं। वीडियो में युवक महिला के बाल पकड़कर उसे सड़क पर घसीटते हुए दिखाई दे रहे हैं, वहीं लात-घूंसों से उसकी पिटाई भी की जा रही है।

घटना रेलवे स्टेशन जैसे व्यस्त और संवेदनशील सार्वजनिक क्षेत्र में हुई, जहां उस समय बड़ी संख्या में लोग मौजूद थे। हैरानी की बात यह है कि महिला पर हो रहे हमले के दौरान आसपास मौजूद लोगों में से किसी ने भी उसे बचाने या मारपीट रोकने की गंभीर कोशिश नहीं की। कई लोग तमाशबीन बने रहे, जबकि कुछ लोग घटना का वीडियो बनाते नजर आए।

खुद को बचाने की कोशिश करती रही महिला

वायरल वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि महिला लगातार खुद को बचाने का प्रयास कर रही है, लेकिन युवक उसके साथ मारपीट जारी रखते हैं। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, घटना के दौरान महिला मदद के लिए चीखती-चिल्लाती रही, लेकिन मौके पर मौजूद लोगों की ओर से तत्काल हस्तक्षेप नहीं किया गया।

सोशल मीडिया पर उठे सवाल

वीडियो सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर लोगों का गुस्सा फूट पड़ा है। कई यूजर्स ने सार्वजनिक स्थान पर हुई इस घटना को कानून-व्यवस्था और सामाजिक संवेदनशीलता से जोड़ते हुए सवाल उठाए हैं। लोगों ने आरोपियों की पहचान कर उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।

विवाद की वजह अब तक स्पष्ट नहीं

फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि महिला और युवकों के बीच विवाद किस बात को लेकर हुआ था। झगड़े की शुरुआत कैसे हुई और मामला मारपीट तक क्यों पहुंचा, इसकी आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है। घटना का पूरा सच पुलिस जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।



PUBLICSWARNEWS CGNEWS CGPOLICENEWS RAIPURNEWS RAIPURRELVEYSTESHANNEWS RELVESTESHANPARISHARMEMAHILASEMARPITNEWS MAHILASEMARPITNEWS

You might also like!