पब्लिक स्वर,कोरबा। कोरबा जिले के कोतवाली थाना क्षेत्र अंतर्गत सीतामढ़ी शिव मंदिर गली में गुरुवार को एक हृदयविदारक हादसे में दो वर्षीय मासूम बच्ची की जान चली गई। घर के आंगन में खेल रही बच्ची पर अचानक खौलती दाल गिर गई, जिससे वह गंभीर रूप से झुलस गई। इलाज के दौरान मेडिकल कॉलेज अस्पताल में उसकी मौत हो गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, शंकर सारथी अपनी पत्नी आरती सारथी और दो बच्चों के साथ सीतामढ़ी शिव मंदिर गली में रहते हैं। शंकर पेशे से बढ़ई हैं। गुरुवार को उनकी पत्नी आंगन में सिगड़ी पर दाल पका रही थीं। इसी दौरान वह कुछ देर के लिए कमरे के अंदर चली गईं।
इसी बीच उनकी दो वर्षीय बेटी आराधना खेलते-खेलते सिगड़ी के पास पहुंच गई और अनजाने में दाल से भरे बर्तन से टकरा गई। संतुलन बिगड़ने से खौलती दाल सीधे उसके शरीर पर गिर गई। बच्ची की चीख सुनकर परिजन तुरंत मौके पर पहुंचे और उसे निहारिका स्थित एक निजी अस्पताल ले गए, जहां से हालत गंभीर होने पर मेडिकल कॉलेज अस्पताल रेफर किया गया।मेडिकल कॉलेज अस्पताल में इलाज के दौरान मासूम ने दम तोड़ दिया।
बच्ची के पिता शंकर सारथी ने बताया कि आराधना खेल रही थी और अचानक सिगड़ी पर रखे बर्तन से टकरा गई, जिससे यह हादसा हो गया। उन्होंने तुरंत अस्पताल पहुंचाया, लेकिन डॉक्टर उसे बचा नहीं सके।आराधना की मौत के बाद पूरे परिवार में मातम पसरा हुआ है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। मासूम का एक बड़ा भाई भी है।जिला अस्पताल चौकी पुलिस को मेमो मिलने के बाद परिजनों के बयान दर्ज किए गए हैं। पुलिस ने मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है।

User 1










