पब्लिक स्वर,अभनपुर। रायपुर जिले के अभनपुर क्षेत्र में उस वक्त सनसनी फैल गई, जब भरेंगाभांठा से परसुलीडीह नवागांव जाने वाली सड़क के किनारे एक खदान के पास जमीन में दफन लाश होने की सूचना मिली। स्थानीय लोगों ने जमीन के भीतर संदिग्ध तरीके से दबे शव को देख इसकी जानकारी पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। अभनपुर पुलिस के साथ एफएसएल और डॉग स्क्वॉड की टीम भी घटनास्थल पर पहुंची। टीम ने मिट्टी में दबे शव को बाहर निकाला।
शुरुआती तौर पर शव की पहचान करना मुश्किल था, लेकिन जांच के दौरान हाथ में बने टैटू के आधार पर मृतक की पहचान नितेश बत्रा (उम्र 25 वर्ष), निवासी शदाणी दरबार के रूप में की गई। बताया जा रहा है कि नितेश बत्रा की गुमशुदगी की शिकायत पहले ही थाने में दर्ज कराई गई थी। जिस स्थान पर शव दफन मिला, वह सुनसान और खदान के पास का इलाका है, जिससे आशंका जताई जा रही है कि हत्या के बाद साक्ष्य छिपाने के उद्देश्य से शव को यहां दफन किया गया होगा। हालांकि, पुलिस ने अभी इस संबंध में आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।
फिलहाल, मृतक की हत्या किसने की और इसके पीछे की वजह क्या है, इसका खुलासा नहीं हो पाया है। शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा गया है, जिससे मौत के कारणों का पता चल सकेगा। रायपुर ग्रामीण पुलिस मामले की जांच कर रही है और सभी पहलुओं पर पड़ताल जारी है।

User 1













