महामाया प्रवेश द्वार के पास महिला की हत्या, प्राइवेट पार्ट में बोतल मिलने से दरिंदगी की आशंका



post

पब्लिक स्वर,अंबिकापुर। अंबिकापुर के रिंग रोड स्थित महामाया प्रवेश द्वार के पास शुक्रवार सुबह एक महिला का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। महिला का शव खून से लथपथ हालत में मटन शॉप के भीतर मिला। घटना कोतवाली थाना क्षेत्र की है। सुबह स्थानीय लोगों ने शव देखकर पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की गई।

जानकारी के मुताबिक महिला की उम्र अधेड़ बताई जा रही है। उसके गले पर धारदार हथियार से हमला किया गया था, जबकि सिर और चेहरा बुरी तरह कुचला गया था। आशंका जताई जा रही है कि महिला की पहचान छिपाने के लिए चेहरे को निशाना बनाया गया। घटनास्थल पर काफी मात्रा में खून फैला हुआ था, जिससे माना जा रहा है कि हत्या वहीं की गई है।

मामले को और गंभीर बनाने वाली बात यह है कि महिला के प्राइवेट पार्ट में प्लास्टिक की बोतल मिली है। इसके बाद पुलिस को आशंका है कि महिला के साथ दरिंदगी या यौन हिंसा की गई हो सकती है। हालांकि इसकी पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगी।

घटना की सूचना मिलते ही सरगुजा एसएसपी राजेश अग्रवाल, एडिशनल एसपी अमोलक सिंह, फोरेंसिक टीम और डॉग स्क्वायड मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल से कई साक्ष्य जुटाए हैं और आसपास के इलाके की जांच की जा रही है। एडिशनल एसपी अमोलक सिंह ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला हत्या का लग रहा है और जल्द आरोपियों की गिरफ्तारी की जाएगी।

स्थानीय पार्षद ने बताया कि आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच में महिला रात में एक युवक के साथ आती हुई दिखाई दी है। जिस जगह वारदात हुई है, वहां भी सीसीटीवी कैमरा लगा हुआ है। पुलिस अब फुटेज के आधार पर महिला और उसके साथ दिख रहे युवक की पहचान करने की कोशिश कर रही है।

जिस स्थान पर शव मिला, वहां एक मटन शॉप संचालित होती है। स्थानीय लोगों के मुताबिक दुकान को रात में बंद कर ढंक दिया जाता है। ऐसे में पुलिस यह भी जांच कर रही है कि महिला वहां कैसे पहुंची और हत्या वहीं हुई या शव को बाद में वहां लाकर फेंका गया।

फिलहाल महिला की पहचान नहीं हो पाई है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है और अन्य सीसीटीवी फुटेज भी खंगाले जा रहे हैं। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद हत्या और संभावित यौन हिंसा को लेकर कई महत्वपूर्ण बातें सामने आ सकती हैं।



PUBLICSWARNEWS CGNEWS CGPOLICENEWS AMBIKAPURNEWS KOTALITHANANEWS MAHMAYAPRAVESDWARNEWS MAHMAYAPRAVESHDWARKEPAASMILAMAHILAKASHAVNEWS PRAIVETPARTMEBOTALNEWS DARINDAGIKIASANKANEWS MATANSHOPKEANDARSHAVNEWS KHUNSELATHPATHSHAVNEWS MAHILAKISHONSELATHPATSHAVNEWS

You might also like!


RAIPUR WEATHER