पब्लिक स्वर,अभनपुर/गोबरा नवापारा। गोबरा नवापारा क्षेत्र के चिपरीडीह गांव में एक युवक का शव पेड़ पर फांसी के फंदे से लटका मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। घटना गुरुवार दोपहर करीब 2 बजे की बताई जा रही है।
जानकारी के अनुसार मृतक की पहचान जीवन साहू पिता गुलाब साहू के रूप में हुई है। ग्रामीणों ने तालाब किनारे बड़का भावर के पास बबूल के पेड़ पर युवक का शव लटकता देखा, जिसके बाद तत्काल इसकी सूचना पुलिस को दी गई। घटना की खबर मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को नीचे उतरवाकर पंचनामा कार्रवाई शुरू की। प्रारंभिक तौर पर मामला फांसी लगाकर आत्महत्या का माना जा रहा है, हालांकि युवक ने यह कदम किन परिस्थितियों में उठाया, इसका कारण फिलहाल स्पष्ट नहीं हो सका है।
पुलिस आसपास के लोगों और परिजनों से पूछताछ कर रही है। साथ ही युवक के मोबाइल, पारिवारिक स्थिति और हाल के दिनों की गतिविधियों की भी जांच की जा रही है, ताकि घटना के पीछे की वास्तविक वजह सामने आ सके। घटना के बाद गांव में शोक का माहौल है। युवक की मौत को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं भी चल रही हैं, लेकिन पुलिस ने लोगों से अफवाहों पर ध्यान नहीं देने और जांच पूरी होने तक इंतजार करने की अपील की है।

User 1








