पब्लिक स्वर,अभनपुर/रायपुर। रायपुर जिले के अभनपुर विधानसभा क्षेत्र के ग्राम हसदा नंबर-2 में बीती रात आगजनी की गंभीर घटना सामने आई है। डीही पारा निवासी किसान नारद साहू (पिता खुजूराम साहू) के ब्यारा में अज्ञात असामाजिक तत्वों ने आग लगा दी।
जानकारी के अनुसार, ब्यारा में रखे पैरे में आग लगाने के बाद लपटें तेजी से फैलीं और वहां मौजूद ट्रैक्टर पैराकुटी मशीन को अपनी चपेट में ले लिया। देखते ही देखते पूरा सामान जलकर खाक हो गया। इस घटना में करीब 16 लाख रुपये से अधिक की संपत्ति के नुकसान का अनुमान है।
बताया जा रहा है कि घटना की सूचना सबसे पहले पास में चल रहे एक शादी समारोह में मौजूद लोगों को मिली, जिसके बाद घर वालों और आसपास के लोगों को जानकारी दी गई। मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। तत्काल पुलिस और अग्निशमन दल को सूचना दी गई, जिसके बाद आग पर काबू पाया गया।
घटना के बाद पूरे गांव में दहशत का माहौल है। ग्रामीणों ने इसे गंभीर आपराधिक घटना बताते हुए सतर्क रहने की अपील की है। लोगों से कहा गया है कि यदि किसी भी प्रकार की संदिग्ध गतिविधि नजर आए या घटना से जुड़ी कोई जानकारी मिले तो तुरंत पीड़ित परिवार, ग्राम प्रमुख या पंचायत को सूचित करें, ताकि जांच में मदद मिल सके। इधर, पीड़ित किसान की शिकायत पर अभनपुर पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

User 1












