पब्लिक स्वर,अभनपुर/रायपुर। अभनपुर-राजिम मार्ग पर रविवार को एक चलती पिकअप वाहन में अचानक आग लगने से हड़कंप मच गया। घटना गोबरा नवापारा थाना क्षेत्र के पिपरौद टोल नाका के पास की है, जहां देखते ही देखते वाहन धू-धू कर जलने लगा। जानकारी के मुताबिक, पिकअप वाहन राजिम से रायपुर की ओर जा रही थी। इसी दौरान वाहन में अचानक आग भड़क उठी। चालक ने तत्परता दिखाते हुए किसी तरह वाहन से बाहर निकलकर अपनी जान बचाई, लेकिन आग इतनी तेजी से फैली कि वाहन में रखा लगभग 4 लाख रुपए नगद और दो चेक जलकर पूरी तरह नष्ट हो गए।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, घटना के समय सड़क पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। राहगीरों ने तुरंत इसकी सूचना आपातकालीन सेवा 112 को दी। सूचना मिलते ही 112 की टीम मौके पर पहुंची और आग बुझाने की कार्रवाई शुरू की। काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया, हालांकि तब तक वाहन और उसमें रखा सामान पूरी तरह जल चुका था। प्रारंभिक जांच में आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट या तकनीकी खराबी माना जा रहा है, हालांकि पुलिस ने अभी इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और नुकसान का आकलन किया जा रहा है।

User 1












