पब्लिक स्वर,बचेली। अंतर्राष्ट्रीय मज़दूर दिवस के अवसर पर मेटल माइंस वर्कर्स यूनियन (इंटक), शाखा बचेली द्वारा 01 मई, शुक्रवार को एक भव्य “अखिल भारतीय कवि सम्मेलन” का आयोजन किया जा रहा है। कार्यक्रम सायं 7 बजे से स्टेडियम कॉम्प्लेक्स, गेट नंबर–02 के सामने प्रारंभ होगा।
यह आयोजन लगातार दूसरे वर्ष किया जा रहा है, जिसमें देश के विभिन्न राज्यों से प्रतिष्ठित कवि एवं हास्य कलाकार अपनी प्रस्तुतियां देंगे। रायपुर के सुप्रसिद्ध गीतकार मीर अली मीर, जिन्हें “छत्तीसगढ़ के रसखान” के नाम से जाना जाता है, अपनी चर्चित रचना से श्रोताओं को भाव-विभोर करेंगे। मंदसौर के मुन्ना बैटरी, जो The Great Indian Laughter Challenge से लोकप्रिय हुए हैं, अपनी हास्य प्रस्तुति से दर्शकों को हंसाएंगे।
लखनऊ के प्रख्यात व्यंग्यकार पंकज प्रसून समसामयिक विषयों पर व्यंग्य प्रस्तुत करेंगे। प्रतापगढ़ की कवयित्री प्रीति पाण्डेय अपनी भावपूर्ण और श्रृंगारिक कविताओं से माहौल को मधुर बनाएंगी। वहीं सतना के कामता माखन अपनी बघेली शैली की कॉमेडी से कार्यक्रम में मनोरंजन का तड़का लगाएंगे।
कार्यक्रम का संचालन आगरा के एलेश अवस्थी करेंगे, जो अपनी प्रभावशाली और बहुमुखी मंच संचालन शैली के लिए जाने जाते हैं।
यूनियन के पदाधिकारियों ने क्षेत्रवासियों से अपील की है कि वे अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर इस साहित्यिक आयोजन का आनंद लें और कार्यक्रम को सफल बनाएं।

User 1








