पब्लिक स्वर,कोरबा। कोरबा जिले के दर्री थाना क्षेत्र अंतर्गत बरेलीमुंडा गोपालपुर गांव में मंगलवार सुबह एक दर्दनाक घटना सामने आई। यहां दो वर्षीय बच्चे का शव उसके घर के बाड़ी में बने बंद पड़े गोबर गैस टैंक से बरामद किया गया। जानकारी के अनुसार, मृतक बच्चे का नाम हर्ष कंवर था। वह सोमवार दोपहर से लापता था। बच्चे के दादा प्रमोद कंवर ने दर्री थाना में उसके गुम होने की रिपोर्ट दर्ज कराई थी।
परिजनों ने बच्चे की तलाश गांव, खेल मैदान, पड़ोसियों के घर, कुएं और झाड़ियों में की, लेकिन उसका कोई पता नहीं चला। मंगलवार सुबह पुलिस गांव पहुंची और दोबारा तलाशी अभियान चलाया। इसी दौरान घर के पास बने गोबर गैस टैंक पर पुलिस का ध्यान गया। टैंक बंद था, लेकिन उसका चैंबर खुला हुआ था और अंदर पानी भरा था। संदेह होने पर ग्रामीणों की मदद से टैंक का पानी खाली कराया गया। पानी कम होने पर बच्चे का शव टैंक के अंदर मिला।
घटना के बाद गांव में बड़ी संख्या में लोग जमा हो गए और शोक का माहौल बन गया। बताया गया कि हर्ष के माता-पिता कुछ महीने पहले काम करने तमिलनाडु गए थे। हर्ष अपने दादा-दादी के साथ गांव में रह रहा था। माता-पिता की योजना थी कि वे वहां बसने के बाद बच्चे को अपने साथ ले जाएंगे। कोरबा के पुलिस अधीक्षक ने बताया कि सोमवार को बच्चे के लापता होने की सूचना मिली थी। मंगलवार को शव बरामद कर लिया गया है और मामले की जांच की जा रही है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि यह हादसा कैसे हुआ और इसमें किसी प्रकार की लापरवाही तो नहीं हुई।

User 1










