पब्लिक स्वर,रायपुर। रायपुर के एमजी रोड स्थित एक ऑटोमोबाइल दुकान में गुरुवार सुबह भीषण आग लगने से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। घटना मौदहापारा थाना क्षेत्र की है, जहां थाने के ठीक सामने स्थित जया ऑटोमोबाइल आग की चपेट में आ गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार आग अचानक भड़की और देखते ही देखते दुकान के बड़े हिस्से में फैल गई। सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची। आग पर काबू पाने के लिए चार से पांच फायर ब्रिगेड वाहनों को लगाया गया है और राहत-बचाव कार्य जारी है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि आग लगने की प्रारंभिक वजह शॉर्ट सर्किट हो सकती है। हालांकि आग लगने के वास्तविक कारणों की पुष्टि अभी नहीं हुई है। दमकलकर्मी लगातार आग बुझाने में जुटे हुए हैं ताकि आग आसपास की दुकानों और प्रतिष्ठानों तक न फैल सके।
घटना के बाद एमजी रोड क्षेत्र में लोगों की भारी भीड़ जुट गई। पुलिस ने सुरक्षा के मद्देनजर आसपास के इलाके को घेर लिया है और लोगों से दूरी बनाए रखने की अपील की है।
फिलहाल किसी जनहानि की सूचना नहीं है, लेकिन आग से दुकान में रखे सामान को भारी नुकसान होने की आशंका जताई जा रही है। आग पर पूरी तरह काबू पाने के बाद नुकसान का आकलन किया जाएगा।

User 1









