पब्लिक स्वर,रायगढ़। रायगढ़ जिले में केलो परियोजना के तहत प्रस्तावित नहर निर्माण को लेकर चल रहे विवाद के बीच एक किसान द्वारा कथित रूप से जहर पीने का मामला सामने आया है। किसान की हालत बिगड़ने पर उसे तत्काल मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका उपचार जारी है। चिकित्सकों के अनुसार उसकी स्थिति गंभीर बनी हुई है।
यह मामला पुसौर थाना क्षेत्र के ग्राम लिंजीर का है। जानकारी के मुताबिक, केलो परियोजना के अंतर्गत क्षेत्र में नहर निर्माण कार्य किया जा रहा है, जिससे कई किसानों की कृषि भूमि प्रभावित हो रही है। प्रभावित किसानों में 55 वर्षीय रविशंकर गुप्ता भी शामिल हैं, जिनकी लगभग 7 से 8 एकड़ कृषि भूमि नहर निर्माण की जद में आने की बात कही जा रही है।
निर्माण कार्य शुरू होते ही बढ़ा विवाद
बताया जा रहा है कि बुधवार को केलो परियोजना के अधिकारी-कर्मचारी, राजस्व विभाग के अधिकारी, तहसीलदार और पुलिस बल निर्माण कार्य के लिए मौके पर पहुंचे। इसके बाद जेसीबी मशीनों के माध्यम से खेत में खुदाई शुरू कर दी गई।
निर्माण कार्य शुरू होने के साथ ही रविशंकर गुप्ता और उनके परिवार ने इसका विरोध किया। परिवार का कहना था कि खेत के समीप शासकीय भूमि उपलब्ध है, इसलिए नहर का निर्माण उनकी कृषि भूमि के बजाय सरकारी जमीन से किया जाना चाहिए। इस मांग को लेकर किसान परिवार और अधिकारियों के बीच काफी देर तक बहस और विवाद की स्थिति बनी रही।
"बात नहीं सुनी गई, इसलिए उठाया कदम" : परिजन
परिजनों का आरोप है कि अधिकारियों ने उनकी आपत्ति और वैकल्पिक प्रस्ताव पर सहमति नहीं जताई तथा निर्माण प्रक्रिया जारी रखी। परिवार का दावा है कि इसी से मानसिक रूप से आहत होकर रविशंकर गुप्ता ने घर में रखा कीटनाशक पी लिया। जहर सेवन के बाद उनकी तबीयत अचानक बिगड़ गई। मौके पर मौजूद पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों ने तत्काल उन्हें मेडिकल कॉलेज अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका इलाज चल रहा है।
बेटे ने लगाए गंभीर आरोप
किसान के बेटे ने बताया कि परिवार ने अधिकारियों से अनुरोध किया था कि क्षेत्र में पहले से एक नहर मौजूद है और दूसरी नहर के लिए पास की शासकीय भूमि का उपयोग किया जाए। उनका आरोप है कि अधिकारियों ने इस सुझाव पर विचार नहीं किया और निर्माण कार्य जारी रखा। कैलाश के अनुसार, विरोध के बावजूद कार्रवाई जारी रहने से उनके पिता बेहद परेशान हो गए और उन्होंने जहर पी लिया। उन्होंने बताया कि फिलहाल उनके पिता अस्पताल में भर्ती हैं और उनकी हालत गंभीर बनी हुई है।

User 1








