पब्लिक स्वर,कोरबा। कोरबा जिले के बालको थाना क्षेत्र में सोमवार को घरेलू विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। चरित्र पर शक के चलते एक पति ने अपनी पत्नी की डंडे से पिटाई कर दी, जिससे उसकी मौत हो गई। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। मिली जानकारी के अनुसार आरोपी का नाम फुलजेन तिर्की (38) है और मृतका उसकी पत्नी गीता तिर्की (36) है। दोनों के बीच सोमवार सुबह किसी बात को लेकर विवाद हुआ। विवाद बढ़ने पर गुस्से में आकर फुलजेन ने पास रखे डंडे से पत्नी पर कई बार हमला कर दिया।
सिर पर गंभीर चोट लगने से गीता की मौके पर ही मौत हो गई। चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग पहुंचे, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी। बताया जा रहा है कि फुलजेन अपने बड़े बेटे के साथ गोवा में रहकर निजी कंपनी में काम करता था, जबकि पत्नी गीता छोटे बेटे के साथ मुड़धुवा गांव में रहती थी। रविवार रात ही पति और बेटा गोवा से गांव लौटे थे। सोमवार सुबह विवाद के बाद यह घटना हुई।सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी को हिरासत में ले लिया। महिला के शव को पोस्टमॉर्टम के लिए अस्पताल भेजा गया है।
थाना प्रभारी युवराज तिवारी ने बताया कि प्रारंभिक जांच में चरित्र शंका को लेकर विवाद के बाद हत्या की पुष्टि हुई है। आरोपी के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। एडिशनल एसपी नीतिश ठाकुर ने कहा कि घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और आरोपी को गिरफ्तार किया गया। उससे पूछताछ की जा रही है और जांच जारी है।

User 1










