पब्लिक स्वर,कोरबा। शहर के कोतवाली थाना क्षेत्र में घरेलू विवाद के चलते एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। वैष्णोदेवी मंदिर के पास रहने वाले एक युवक ने गुस्से में आकर अपनी पत्नी पर धारदार हथियार से हमला कर दिया। पत्नी को बचाने आई उसकी मां और बहन पर भी उसने हमला कर उन्हें गंभीर रूप से घायल कर दिया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार आरोपी का नाम रामेश्वर साहू है। उसका अपनी पत्नी सुकृता साहू से किसी बात को लेकर विवाद हुआ था। विवाद इतना बढ़ गया कि रामेश्वर साहू ने पत्नी को कमरे में बंद कर चापड़ (धारदार हथियार) से हमला करना शुरू कर दिया। पत्नी की चीख-पुकार सुनकर उसकी सास सांवत साहू और ननद निर्मला साहू उसे बचाने पहुंचीं। उन्होंने दरवाजा खुलवाया, लेकिन गुस्से में आरोपी ने उन दोनों पर भी चापड़ से हमला कर दिया।
महिलाओं की चीख सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और तुरंत पुलिस व डायल 112 को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी रामेश्वर साहू को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने तीनों घायल महिलाओं को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया है। डॉक्टरों के अनुसार तीनों की हालत गंभीर बनी हुई है, जबकि पत्नी सुकृता की स्थिति बेहद नाजुक बताई जा रही है।
पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपी पति पहले भी पत्नी की शिकायत पर जेल जा चुका था। करीब एक साल पहले दोनों के बीच समझौता हुआ था और वे फिर से साथ रहने लगे थे। लेकिन दोबारा विवाद के बाद यह गंभीर घटना हो गई। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और आरोपी के खिलाफ हत्या के प्रयास और घरेलू हिंसा से जुड़े गंभीर धाराओं में कार्रवाई की जा रही है।

User 1










