व्यापार विहार में नकली सर्फ एक्सेल और रेड लेबल चाय का जाल, छापेमारी में पकड़ी गई बड़ी खेप



post

पब्लिक स्वर,बिलासपुर। शहर के मालधक्का और व्यापार विहार इलाके में नकली उत्पादों के बड़े कारोबार का खुलासा हुआ है। हिंदुस्तान यूनिलीवर कंपनी के नाम पर डुप्लीकेट सामान बेचे जाने की शिकायत पर बॉम्बे हाईकोर्ट के आदेश के बाद एडिशनल स्पेशल रिसीवर एच.एन. जोशी ने पुलिस के साथ महादेव जनरल स्टोर्स के गोदामों और दुकानों पर छापेमारी की।

कार्रवाई के दौरान व्यापार विहार स्थित जोन-2 की दुकान नंबर 17 और भगत सिंह कॉम्प्लेक्स जोन-1 के गोदामों से बड़ी मात्रा में नकली सामान बरामद हुआ। जांच में पाया गया कि नामी ब्रांड के रैपर में नकली प्रोडक्ट पैक कर बाजार में बेचे जा रहे थे। टीम को सर्फ एक्सेल के 80 ग्राम वाले 5280 पैकेट मिले, जिनमें 4800 एक बैग में और 480 अलग से रखे थे। इसके अलावा रेड लेबल चाय के 1 किलो वाले 80 पैकेट भी जब्त किए गए।

हिंदुस्तान यूनिलीवर ने अपने ब्रांड के नाम पर नकली उत्पाद बिकने के खिलाफ हाईकोर्ट में याचिका दायर की थी, जिस पर सुनवाई के बाद जांच और कार्रवाई के निर्देश दिए गए थे। इसी के तहत यह छापेमारी की गई। जब्त सभी सामान को सील कर कंपनी के प्रतिनिधियों को सौंप दिया गया है।

एडिशनल स्पेशल रिसीवर के अनुसार यह कार्रवाई 24 नवंबर 2025 से 17 मार्च 2026 के बीच जारी अदालत के आदेशों के पालन में की गई है। मामले की अगली सुनवाई 8 मई को बॉम्बे हाईकोर्ट में होगी। सूत्रों के मुताबिक व्यापार विहार इलाके में नकली उत्पादों का एक बड़ा नेटवर्क सक्रिय है, जहां से थोक में डुप्लीकेट सामान सप्लाई कर उसे बाजार में असली बताकर बेचा जा रहा है।



PUBLICSWARNEWS CGNEWS CGPOLICENEWS BILASPURNEWS VYAPARVIHARNEWS BILASPURVYAPARVIHARNEWS NAKLISARFEXALORREDLEBALCJAYNEWS NAKLIUDPADKABHANDAFODHNEWS

You might also like!


RAIPUR WEATHER