पब्लिक स्वर,दुर्ग। शहर की एसटीएफ कॉलोनी में शनिवार सुबह करीब 8 बजे एक महिला ने आरक्षक ललितेश यादव के घर में घुसकर उनके परिवार पर चाकू से हमला कर दिया। इस हमले में पत्नी रीना यादव और 9 वर्षीय बेटे आदित्य यादव की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि बेटी तानिया यादव गंभीर रूप से घायल है और अस्पताल के आईसीयू में भर्ती है। दूसरी बेटी नैना यादव ने बाथरूम में छिपकर अपनी जान बचाई।
आरोपी महिला सरोजनी भारद्वाज को पुलिस ने मौके से गिरफ्तार कर लिया है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी और बीजापुर में पदस्थ आरक्षक ललितेश यादव के बीच फेसबुक के जरिए पहचान हुई थी, जो बाद में संबंध में बदल गई। बताया जा रहा है कि महिला एक दिन पहले भी घर पहुंची थी, लेकिन उसे समझाकर वापस भेज दिया गया था।
घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। सीएसपी सत्यप्रकाश तिवारी के मुताबिक आरोपी से पूछताछ की जा रही है और हमले के पीछे की वजह का पता लगाया जा रहा है। पुलिस इस एंगल की भी जांच कर रही है कि दोनों के बीच संबंध और कथित दूसरी शादी को लेकर विवाद तो इस घटना की वजह नहीं बना।फिलहाल, पूरे मामले की जांच जारी है।

User 1









