कोंडागांव में अनियंत्रित होकर पलटी यात्रियों से भरी बस, चालक समेत 3 गंभीर



post

पब्लिक स्वर, कोंडागांव। कोंडागांव जिले में शनिवार तड़के एक बड़ा सड़क हादसा हुआ, जब सवारियों से भरी एक निजी बस नेशनल हाईवे-30 पर अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे में बस चालक सहित तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए, जबकि अन्य यात्रियों को मामूली चोटें आई हैं। गंभीर घायलों में एक यात्री का हाथ शरीर से अलग हो जाने की घटना ने हादसे की भयावहता को और बढ़ा दिया है।

घटना सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र के अंतर्गत घोड़ागांव स्थित चिलबहार नाला के पास सुबह करीब 4 बजे की है। जानकारी के अनुसार, दुबे ट्रेवलर की बस (क्रमांक CG 04 EA 4882) रायपुर से जगदलपुर होते हुए जयपुर (ओडिशा) जा रही थी। इसी दौरान बस अचानक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पलट गई।

प्रारंभिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि तड़के सुबह सड़क पर अचानक किसी जानवर के आ जाने से चालक का नियंत्रण वाहन पर से हट गया, जिसके चलते यह हादसा हुआ। हालांकि चालक रोशन साहू की हालत गंभीर होने के कारण इस कारण की आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हो सकी है।

हादसे में घायल यात्रियों की पहचान नवीन, अशद और चालक रोशन साहू के रूप में हुई है। इनमें नवीन की हालत सबसे गंभीर बताई जा रही है, जिसका हाथ कटकर शरीर से अलग हो गया। उसे दिल्ली निवासी बताया जा रहा है, लेकिन प्रशासन की ओर से अभी उसकी पहचान की आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है।

घटना की सूचना मिलते ही सिटी कोतवाली कोण्डागांव पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। सभी घायलों को तत्काल जिला अस्पताल कोण्डागांव पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज जारी है।



PUBLICSWARNEWS CGNEWS CGPOLICENEWS KONDAGAONNEWS BASTARNEWS RAIPURSENIKLIBASNEWS DUBYETREVALSKIBASNEWS SAAKHADSANEWS YATRIYONSEBHARIBASNEWS KONDAGAONMEPALTIYATRIYONSEBHARIBASNEWS DRIVARSAHITTEENGHAYALNEWS ANIYANTRITHOKARPALTIBASNEWS ANIYANTRITHOKARPALTIYATRIYONSEBHARIBASNEWS

You might also like!


RAIPUR WEATHER