पब्लिक स्वर,बिलासपुर/मस्तूरी। मस्तूरी क्षेत्र के जोंधरा चौक के पास स्थित एक बंद मकान में लगी भीषण आग ने देखते ही देखते आसपास के 9 घरों को अपनी चपेट में ले लिया। देर रात हुई इस घटना से पूरे इलाके में अफरा-तफरी और दहशत का माहौल बन गया।
जानकारी के अनुसार, आरा मिल के पीछे बसे रिहायशी इलाके में अचानक आग भड़क उठी। आग इतनी तेजी से फैली कि पास के कच्चे और लकड़ी की छत वाले मकान भी इसकी जद में आ गए। देखते ही देखते 9 घरों में रखा लाखों रुपये का सामान जलकर खाक हो गया। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, आग लगते ही लोगों ने किसी तरह घरों से बाहर निकलकर अपनी जान बचाई। गनीमत रही कि इस घटना में कोई जनहानि नहीं हुई, लेकिन कई परिवारों का सामान पूरी तरह नष्ट हो गया।
प्रारंभिक जांच में आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट बताई जा रही है, हालांकि वास्तविक कारणों की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी। सूचना मिलते ही मस्तूरी पुलिस मौके पर पहुंची और हालात का जायजा लिया। घटना के बाद प्रशासन द्वारा नुकसान का आकलन किया जा रहा है। इस हादसे ने एक बार फिर रिहायशी इलाकों में अग्नि सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

User 1









