पब्लिक स्वर,दुर्ग। दुर्ग जिले में मवेशियों की अवैध तस्करी के खिलाफ पुलिस ने सख्त कार्रवाई करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई 23 अप्रैल की रात चिखली चौक के पास की गई, जहां पुलिस ने घेराबंदी कर एक संदिग्ध पिकअप वाहन को रोककर जांच की।
पुलिस को यह सफलता स्थानीय सूचना के आधार पर मिली। युवराज साहू द्वारा दी गई सूचना के बाद पुलिस टीम ने इलाके में सक्रियता बढ़ाई और चिखली चौक क्षेत्र में नाकेबंदी कर पिकअप वाहन (CG 05 D 1007) को रोका। तलाशी के दौरान वाहन में 6 मवेशियों को बेहद अमानवीय स्थिति में ठूंस-ठूंसकर भरा हुआ पाया गया। मवेशियों के लिए न पर्याप्त जगह थी और न ही चारा-पानी की कोई व्यवस्था, जिससे उनकी हालत गंभीर बनी हुई थी।
मौके पर ही पुलिस ने चारों आरोपियों—निर्मल मनेश्वर, तुलसीराम नागेश्वर, जयपाल नागेश्वर और भगतराम खरे—को गिरफ्तार कर लिया। सभी आरोपी मध्य प्रदेश के बालाघाट और सिवनी जिले के निवासी बताए जा रहे हैं, जिससे अंतरराज्यीय तस्करी की आशंका भी मजबूत होती है।
पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ छत्तीसगढ़ पशु परिरक्षण अधिनियम की धारा 4 और 6 के साथ ही पशु क्रूरता निवारण अधिनियम की धारा 11(1)(घ) के तहत मामला दर्ज किया है। कार्रवाई के दौरान पिकअप वाहन सहित सभी 6 मवेशियों को जब्त कर लिया गया। जब्त संपत्ति की कुल कीमत करीब 2 लाख 32 हजार रुपए आंकी गई है, जिसमें पिकअप की कीमत लगभग 1.50 लाख रुपए और मवेशियों की कीमत करीब 82 हजार रुपए शामिल है।

User 1









