पब्लिक स्वर,कोरबा। कोरबा जिले के सिविल लाइन थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम बेदरकोना में 25 वर्षीय युवक द्वारा आत्मघाती प्रयास किए जाने का मामला सामने आया है। युवक की पहचान रामकृष्ण के रूप में हुई है। फिलहाल उसकी हालत गंभीर बनी हुई है और उसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। प्राप्त जानकारी के अनुसार रामकृष्ण अचानक घर से बाहर निकल गया और बाद में उसे गंभीर अवस्था में ग्रामीणों द्वारा पकड़ा गया। स्थानीय लोगों की मदद से उसे तत्काल कोरबा अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों द्वारा उसका उपचार किया जा रहा है।
रामकृष्ण की रिश्तेदार सती कुर्रे ने बताया कि वह पिछले कुछ समय से मानसिक तनाव में था और किसी अनजाने डर से परेशान रहता था। परिजनों का कहना है कि वह भूत-प्रेत जैसी बातों को लेकर आशंकित रहता था, जिससे उसकी मानसिक स्थिति प्रभावित हो रही थी। बताया जा रहा है कि अस्पताल में भर्ती होने के बाद रामकृष्ण ने कागज पर कुछ लिखने की कोशिश की है, जिसकी जांच की जा रही है। पुलिस इस पूरे मामले की जांच कर रही है कि युवक ने ऐसा कदम किन परिस्थितियों में उठाया। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि प्राथमिक जांच में यह मामला मानसिक तनाव से जुड़ा प्रतीत हो रहा है। युवक के बयान दर्ज होने के बाद ही स्थिति पूरी तरह स्पष्ट हो सकेगी। फिलहाल पुलिस परिजनों से पूछताछ कर रही है और युवक के स्वास्थ्य में सुधार होने का इंतजार किया जा रहा है।

User 1










