पब्लिक स्वर,कोरबा। एसईसीएल सुभाष ब्लॉक क्षेत्र में एक कुत्ते के सिर में लोहे का डिब्बा फंस गया था, जिससे वह करीब एक सप्ताह तक भूखा-प्यासा भटकता रहा। डिब्बा इतना कसकर फंसा था कि कुत्ता कुछ खा-पी नहीं पा रहा था और उसकी हालत लगातार बिगड़ती जा रही थी। यह कुत्ता सुभाष ब्लॉक के घरों और हेलीपैड जंगल के आसपास अक्सर देखा जाता था। स्थानीय लोग उसे रोज खाना-पानी देते थे। लेकिन डिब्बा फंसने के बाद वह डर और दर्द के कारण इधर-उधर भागता फिर रहा था। कई बार लोग उसे पकड़ने की कोशिश करते रहे, लेकिन वह कमजोर होने के बावजूद हाथ नहीं आ रहा था।
स्थानीय लोगों ने दी सूचना
जब कुत्ते की हालत ज्यादा खराब हो गई तो स्थानीय लोगों ने रेस्क्यू टीम को सूचना दी। सूचना मिलते ही रेस्क्यू टीम मौके पर पहुंची। रेस्क्यू टीम के सदस्य बबलू कुमार मारुवा, विमल चौहान, पुष्पेंद्र चौहान, सूर्यभान कुर्मी और नीतीश चौहान ने काफी सावधानी से कुत्ते को पकड़ा। काफी मशक्कत के बाद उसके सिर में फंसे डिब्बे को सुरक्षित तरीके से निकाल दिया गया।
रेस्क्यू टीम के सदस्य बबलू कुमार ने बताया कि पहले भी कुत्ते को पकड़ने की कोशिश की गई थी, लेकिन वह डर के कारण भाग जाता था। अगर समय पर उसे नहीं बचाया जाता तो उसकी मौत भी हो सकती थी।
डिब्बा निकलने के बाद कुत्ते को तुरंत पानी और भोजन दिया गया। कुछ देर में उसकी हालत में सुधार दिखने लगा।
असामाजिक तत्वों पर शक
रेस्क्यू टीम का कहना है कि यह घटना सामान्य नहीं लगती। आशंका है कि किसी असामाजिक तत्व ने कुत्ते को खाना देने के बहाने उसके सिर पर डिब्बा डाल दिया होगा। इससे पहले भी इस तरह की घटनाएं सामने आ चुकी हैं। रेस्क्यू टीम ने ऐसे लोगों के खिलाफ पशु क्रूरता अधिनियम के तहत कार्रवाई की मांग की है। स्थानीय लोगों ने रेस्क्यू टीम के साहस और मानवता की भावना की सराहना की। लोगों ने कहा कि समय पर मदद मिलने से एक बेजुबान जानवर की जान बच सकी।

User 1










