पब्लिक स्वर,कोरबा। कोरबा जिले में अवैध उत्खनन, परिवहन और भंडारण के खिलाफ जिला खनिज जांच दल ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 9 वाहनों को जब्त किया है और लगभग 700 घनमीटर अवैध रेत को सीज किया है। यह संयुक्त कार्रवाई कलेक्टर कुणाल दुदावत के निर्देश तथा उप संचालक खनिज प्रशासन प्रमोद नायक के मार्गदर्शन में कटघोरा एवं छुरी क्षेत्र में की गई।
जिला खनिज अधिकारी प्रमोद नायक ने जानकारी देते हुए बताया कि जब्त किए गए वाहनों में 2 ट्रक, 4 हाईवा, 1 जेसीबी मशीन, 1 चैन माउंट मशीन एवं 1 टिप्पर शामिल हैं, जो अवैध खनन व परिवहन में संलिप्त पाए गए। इसके अतिरिक्त दो अलग-अलग स्थानों पर अवैध रूप से संग्रहित लगभग 700 घनमीटर रेत को भी जब्त किया गया है। खनिज अधिनियम एवं नियमों के तहत संबंधित वाहन संचालकों और जिम्मेदार व्यक्तियों के विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई प्रारंभ कर दी गई है।
जिला खनिज जांच दल द्वारा मिट्टी, रेत एवं कोयला जैसे खनिजों के अवैध उत्खनन और परिवहन पर सतत निगरानी रखी जा रही है। प्रशासन का कहना है कि प्राकृतिक संसाधनों की सुरक्षा एवं नियमों के अनुपालन हेतु इस प्रकार की सघन जांच अभियान आगे भी जारी रहेंगे। जिला प्रशासन ने स्पष्ट शब्दों में कहा है कि अवैध खनन, परिवहन एवं भंडारण में किसी भी प्रकार की लापरवाही या संलिप्तता को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। दोषियों के खिलाफ कठोर दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी ताकि जिले में अवैध खनन पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित किया जा सके।

User 1










