पब्लिक स्वर,रायपुर। रायपुर के मुजगहन थाना क्षेत्र स्थित काठाडीह बीएसयूपी कॉलोनी में तुलसी के पौधे के पास रील बनाने को लेकर शुरू हुआ विवाद दो समुदायों के बीच तनाव का कारण बन गया। मामूली कहासुनी देखते ही देखते मारपीट में बदल गई, जिसमें दो महिलाओं को गंभीर चोटें आई हैं। पुलिस ने मामले में तीन लोगों के खिलाफ अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, रविवार को कॉलोनी में तुलसी के पौधे के पास रील बनाने को लेकर विवाद शुरू हुआ था। आरोप है कि कुछ देर बाद फिरदोस बेगम और उनकी बहन सलतनत बेगम घर से बाहर आईं, जिसके बाद दोनों पक्षों के बीच कहासुनी होने लगी। विवाद बढ़ने पर मारपीट की स्थिति निर्मित हो गई।
शिकायत के मुताबिक, सलतनत बेगम डंडा लेकर मौके पर पहुंचीं और परमिला सेन के साथ मारपीट की। वहीं फिरदोस बेगम और मेहताब खान पर भी गाली-गलौज करते हुए हाथ-मुक्कों और लात-घूंसों से हमला करने का आरोप है। घटना के दौरान बीच-बचाव करने पहुंचीं पड़ोसी पिंकी जार्ज भी घायल हो गईं। आरोप है कि सलतनत बेगम ने डंडे से उनके सिर और नाक पर वार किया, जिससे उन्हें गंभीर चोटें आईं। घटना की शिकायत के आधार पर पुलिस ने सलतनत बेगम, फिरदोस बेगम और मेहताब खान के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।
इधर, घटना के विरोध में बुधवार रात बजरंग दल के कार्यकर्ता सुअर लेकर बस्ती में पहुंच गए, जिससे क्षेत्र में तनाव का माहौल बन गया। सूचना मिलने पर मुजगहन थाना पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। इस दौरान बजरंग दल कार्यकर्ताओं ने हनुमान चालीसा का पाठ भी किया। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मूल विवाद रील बनाने को लेकर शुरू हुआ था। मामले में अपराध दर्ज कर जांच की जा रही है तथा क्षेत्र में शांति बनाए रखने के लिए पुलिस निगरानी बढ़ा दी गई है।

User 1









