पब्लिक स्वर,रायपुर। छत्तीसगढ़ के तिल्दा की रहने वाली चारु पांडेय ने कम उम्र में असाधारण उपलब्धियां हासिल कर प्रदेश का नाम रोशन किया है। महज 23 वर्ष की उम्र में उन्होंने केंद्र और राज्य स्तर की 19 प्रमुख प्रतियोगी परीक्षाएं सफलतापूर्वक उत्तीर्ण कर एक नई मिसाल कायम की है। वर्तमान में भारत के नियंत्रक एवं महालेखा परीक्षक (CAG) के विशाखापट्टनम कार्यालय में ऑडिट ऑफिसर के रूप में कार्यरत चारु को आगामी स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू द्वारा गोल्ड मेडल से सम्मानित किए जाने की जानकारी सामने आई है।
चारु पांडेय, प्रवीण कुमार पांडेय और सुधा पांडेय की पुत्री हैं। उन्होंने अपने लगातार प्रयास, अनुशासन और अध्ययन के प्रति समर्पण के बल पर कई प्रतिष्ठित परीक्षाओं में सफलता प्राप्त की है। इनमें SSC CGL, SSC CHSL, SSC MTS, SSC GD, SSC CPO, IBPS PO, SBI Clerk, NET-JRF, CGTET, RRB Group D, RRB NTPC, छत्तीसगढ़ सब-इंस्पेक्टर, दिल्ली पुलिस, CG NHM, ट्रांसपोर्ट सब-इंस्पेक्टर सहित अन्य परीक्षाएं शामिल हैं। वर्ष 2023 में भी उन्होंने SSC CGL, SSC CHSL, SSC MTS और RRB Group D जैसी परीक्षाओं में सफलता दर्ज कर अपनी प्रतिभा का परिचय दिया।
कामकाज में भी उत्कृष्ट प्रदर्शन
चारु ने मई 2025 में CAG चेन्नई में असिस्टेंट ऑडिट ऑफिसर (AAO) के रूप में अपनी सेवाएं शुरू की थीं। अपने कार्यकाल के दौरान उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए उन्हें वर्ष 2026 में तमिलनाडु सरकार द्वारा ‘बेस्ट AAO’ पुरस्कार से सम्मानित किया गया। इसके बाद जनवरी 2026 में उन्हें पदोन्नति मिली और वर्तमान में वे CAG के विशाखापट्टनम कार्यालय में ऑडिट ऑफिसर के पद पर कार्यरत हैं।
युवाओं के लिए प्रेरणा बनीं चारु
प्रतियोगी परीक्षाओं में लगातार सफलता और प्रशासनिक कार्यों में उत्कृष्ट प्रदर्शन ने चारु पांडेय को युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत बना दिया है। सीमित उम्र में हासिल की गई उनकी उपलब्धियां यह साबित करती हैं कि दृढ़ संकल्प, नियमित मेहनत और स्पष्ट लक्ष्य के साथ किसी भी चुनौती को सफलता में बदला जा सकता है। चारु की उपलब्धि न केवल उनके परिवार बल्कि पूरे छत्तीसगढ़ के लिए गर्व का विषय है। आगामी स्वतंत्रता दिवस पर राष्ट्रपति सम्मान मिलने की खबर ने प्रदेशवासियों में भी उत्साह का माहौल बना दिया है।

User 1











