पब्लिक स्वर,रायगढ़। रायगढ़ जिले में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान “ऑपरेशन आघात” के तहत रायगढ़ पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने ओडिशा से मध्यप्रदेश भेजी जा रही करीब 300 किलोग्राम गांजा की खेप जब्त करते हुए तीन अंतरराज्यीय तस्करों को गिरफ्तार किया है। कार्रवाई के दौरान गांजा, दो लग्जरी वाहन और मोबाइल फोन समेत करीब 1 करोड़ 86 लाख रुपये की संपत्ति जब्त की गई है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देशन में की गई इस कार्रवाई को जिले में हाल के समय की सबसे बड़ी मादक पदार्थ विरोधी कार्रवाई माना जा रहा है। पुलिस के अनुसार जब्त गांजा की अनुमानित बाजार कीमत करीब 1 करोड़ 50 लाख रुपये है।
सूचना मिलते ही सक्रिय हुई पुलिस
पुलिस को सूचना मिली थी कि ओडिशा के सोनपुर क्षेत्र से गांजा की एक बड़ी खेप दो चारपहिया वाहनों के जरिए मध्यप्रदेश के अनूपपुर जिले भेजी जा रही है। सूचना की पुष्टि के बाद एसएसपी शशि मोहन सिंह ने तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अनिल कुमार सोनी और एसडीओपी सिद्धांत तिवारी के मार्गदर्शन में लैलूंगा पुलिस ने संभावित मार्गों पर बहुस्तरीय नाकेबंदी कर वाहनों की जांच शुरू की।
कटकलिया मार्ग पर घेराबंदी, दो वाहन संदेह के घेरे में
नाकेबंदी के दौरान कटकलिया मार्ग पर मुखबिर द्वारा बताए गए हुलिए के आधार पर एक टोयोटा इनोवा क्रिस्टा और मारुति सुजुकी एक्सएल-6 को रोककर जांच की गई। जांच के दौरान इनोवा वाहन में एक चौंकाने वाला तथ्य सामने आया। वाहन में दोहरी नंबर प्लेट लगी हुई थी। वाहन पर ओडिशा का नंबर OD-10-H-0050 प्रदर्शित था, जबकि उसके नीचे छत्तीसगढ़ का नंबर CG-13-BY-6540 अंकित पाया गया। इससे पुलिस का संदेह और गहरा गया।
तीन आरोपी गिरफ्तार
वाहनों में सवार निखील कश्यप, रिंकु कश्यप और धर्मेंद्र मौर्य को एनडीपीएस एक्ट के प्रावधानों की जानकारी देकर विधिवत तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान दोनों वाहनों से भारी मात्रा में गांजा बरामद हुआ। पुलिस ने तीनों आरोपियों को मौके से गिरफ्तार कर लिया।
300 किलो गांजा, दो लग्जरी वाहन और आईफोन जब्त
तलाशी में बरामद गांजा का कुल वजन करीब 300 किलोग्राम पाया गया। इसके साथ ही पुलिस ने तस्करी में इस्तेमाल किए जा रहे वाहन और अन्य सामग्री भी जब्त की।
जब्त संपत्ति में 300 किलोग्राम गांजा (अनुमानित कीमत 1.50 करोड़ रुपये) टोयोटा इनोवा क्रिस्टा (करीब 20 लाख रुपये), मारुति सुजुकी एक्सएल-6 (करीब 14 लाख रुपये), पांच मोबाइल फोन, जिनमें दो आईफोन शामिल (करीब 2 लाख रुपये), कुल मिलाकर पुलिस ने लगभग 1.86 करोड़ रुपये मूल्य की संपत्ति जब्त की है।
अनूपपुर तक फैला नेटवर्क, जांच जारी
प्रारंभिक पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया है कि गांजा की खेप मध्यप्रदेश के अनूपपुर जिले में अपने सहयोगियों तक पहुंचाई जानी थी। इसके आधार पर पुलिस अब इस पूरे अंतरराज्यीय तस्करी नेटवर्क की कड़ियां जोड़ने में जुटी है। आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(बी) और 29 के तहत मामला दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
फरार तस्करों की तलाश में विशेष टीम रवाना
पुलिस का मानना है कि इस मामले में केवल तीन आरोपी ही नहीं, बल्कि एक बड़ा संगठित नेटवर्क सक्रिय है। इसी को ध्यान में रखते हुए फरार आरोपियों और सप्लाई चेन से जुड़े अन्य लोगों की तलाश के लिए विशेष टीमों को सरगुजा और मध्यप्रदेश के अनूपपुर रवाना किया गया है। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, जांच आगे बढ़ने के साथ तस्करी नेटवर्क से जुड़े कई और नाम सामने आने की संभावना है।

User 1











