पब्लिक स्वर,बचेली/किरंदुल। बैलाडीला की पहाड़ियों, जल-जंगल-जमीन और आदिवासी अस्मिता की रक्षा को लेकर बस्तरिया राज मोर्चा द्वारा निकाली जा रही पदयात्रा मंगलवार को गमवाड़ा पहुंची। पूर्व विधायक एवं बस्तरिया राज मोर्चा के प्रमुख नेता मनीष कुंजाम के नेतृत्व में जारी इस पदयात्रा का ग्रामीणों ने जगह-जगह स्वागत किया। दिनभर की यात्रा के बाद पदयात्रियों ने गमवाड़ा में रात्रि विश्राम किया।
बस्तरिया राज मोर्चा का कहना है कि बैलाडीला क्षेत्र की पहाड़ियां केवल खनिज संपदा नहीं, बल्कि आदिवासी समाज की संस्कृति, परंपरा और पहचान का आधार हैं। मोर्चा का आरोप है कि निजी कंपनियों के हित में क्षेत्र के प्राकृतिक संसाधनों का अत्यधिक दोहन किया जा रहा है, जिससे पर्यावरण और स्थानीय जनजीवन पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा है।
पदयात्रा के दौरान बड़ी संख्या में महिलाएं, युवा और ग्रामीण शामिल हुए। मोर्चा के कार्यकर्ताओं ने कहा कि बैलाडीला की पहाड़ियों, जंगलों और जल स्रोतों की रक्षा के लिए यह संघर्ष लगातार जारी रहेगा। यात्रा के प्रत्येक पड़ाव पर लोगों का समर्थन बढ़ता जा रहा है, जिससे आंदोलन को नई मजबूती मिल रही है।
बस्तरिया राज मोर्चा ने 11 जून को दंतेवाड़ा जिला मुख्यालय में आयोजित होने वाली विशाल आमसभा में अधिक से अधिक लोगों से शामिल होने की अपील की है। आमसभा में बैलाडीला क्षेत्र से जुड़े मुद्दों और आगामी आंदोलन की रणनीति पर चर्चा की जाएगी।

User 1









