हाई अलर्ट के बीच रायपुर में चाकूबाजी: रेलवे ट्रैक के पास लहूलुहान मिला युवक, आरोपी फरार



post

पब्लिक स्वर,रायपुर। रायपुर में होली जैसे त्योहारी माहौल के बीच देर रात हुई चाकूबाजी की घटना ने कानून-व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। आजाद चौक थाना क्षेत्र में रेलवे ट्रैक के पास एक युवक के खून से लथपथ हालत में पड़े होने की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और उसे तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है।

घायल युवक की पहचान 22 वर्षीय रोशन ध्रुव, निवासी दुर्ग के रूप में हुई है। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, जब पुलिस मौके पर पहुंची तो युवक बेहोशी की हालत में था। उसे गंभीर चोटें आई हैं और फिलहाल अस्पताल में डॉक्टरों की निगरानी में उसका इलाज जारी है।

पुलिस की चुप्पी, जांच जारी

मामला आजाद चौक थाना क्षेत्र का है, लेकिन पुलिस फिलहाल घटना को लेकर ज्यादा जानकारी साझा करने से बच रही है। शुरुआती जांच में आपसी विवाद या पुरानी रंजिश की आशंका जताई जा रही है, हालांकि आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और संभावित आरोपियों की तलाश में दबिश दे रही है। वारदात के बाद से आरोपी फरार बताया जा रहा है।

त्योहार पर वारदात से बढ़ी चिंता

होली के मौके पर हुई इस घटना ने शहर में सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि त्योहार के दौरान पुलिस की गश्त बढ़ाने के दावे किए जाते हैं, बावजूद इसके अपराधी बेखौफ नजर आ रहे हैं।

पुलिस का दावा है कि जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर पूरे मामले का खुलासा किया जाएगा। फिलहाल युवक की हालत पर सबकी नजर है और परिजन अस्पताल में मौजूद हैं। त्योहार की खुशियों के बीच हुई इस वारदात ने एक बार फिर यह सोचने पर मजबूर कर दिया है कि आखिर अपराधियों में कानून का डर क्यों कम होता जा रहा है।



PUBLICSWARNEWS CGNEWS CGPOLICENEWS RAIPURNEWS RELVETREKPARLAHULUHANMILAYUVAKNEWS LAHULUHANMILAYUVAKNEWS RAIPURMECHAKUBAJINEWS HIGHALARTKEBICHRAIPURMECHAKUBAJINEWS

You might also like!


RAIPUR WEATHER