पब्लिक स्वर,रायगढ़। रायगढ़ जिले के कोतरारोड थाना क्षेत्र में महिला से गैंगरेप का मामला सामने आया है। पुलिस ने इस मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है, जबकि एक आरोपी अब भी फरार है। उसकी तलाश में लगातार दबिश दी जा रही है।
जानकारी के अनुसार, 37 वर्षीय पीड़िता अपने पति के साथ कोतरारोड थाना क्षेत्र में किराए के मकान में रहती है। पीड़िता ने 5 अप्रैल को कोतरारोड थाने में शिकायत दर्ज कराई। महिला पुलिस अधिकारी को दिए बयान में उसने बताया कि 4 अप्रैल की रात करीब 11:30 बजे वह अपने पति के साथ मेन रोड स्थित दुकान से सामान खरीदने गई थी।
इसी दौरान ऑटो में पहुंचे कुछ युवक महिला को अकेला समझकर जबरन सड़क किनारे स्थित दुकान के अंदर ले जाने लगे। जब महिला के पति ने इसका विरोध किया तो आरोपियों ने उसके साथ मारपीट की और उसे पकड़कर अलग कर दिया। इसके बाद आरोपियों ने महिला के साथ दुष्कर्म किया।
पुलिस के मुताबिक, महिला के पति को आरोपी दीपक सिदार और पिंटू निषाद ने पकड़कर मारपीट की। वहीं मुन्ना गिरी, योगेश सिदार और जागेश्वर पटेल ने महिला के साथ दुष्कर्म किया। घटना के बाद पीड़िता ने थाने पहुंचकर लिखित शिकायत दर्ज कराई।
शिकायत के आधार पर कोतरारोड पुलिस ने पांच आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू की। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों में मुन्ना गिरी पिता अशोक गिरी उम्र 27 वर्ष, देव कुमार उर्फ दीपक सिदार पिता भानू सिदार उम्र 23 वर्ष, जागेश्वर पटेल पिता सुशील पटेल उम्र 32 वर्ष और पिंटू निषाद पिता मदन निषाद उम्र 23 वर्ष शामिल हैं।
पूछताछ के दौरान आरोपियों ने अपराध स्वीकार कर लिया। पुलिस ने आरोपी पिंटू निषाद से घटना में प्रयुक्त ऑटो क्रमांक CG 12 AY 5870 भी जब्त किया है। गिरफ्तार आरोपियों को न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया गया है। वहीं फरार आरोपी योगेश सिदार की तलाश जारी है।

User 1









