पब्लिक स्वर,सरगुजा। सरगुजा जिले के बतौली में सोमवार देर रात नेशनल हाईवे-43 किनारे संचालित दो दुकानों में शटर तोड़कर चोरी की वारदात सामने आई है। चोरों ने कृषि बीज की दुकान और कपड़ा दुकान को निशाना बनाते हुए करीब एक लाख रुपए नकद और नए कपड़े पार कर दिए। घटना सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हुई है, जिसके आधार पर पुलिस आरोपी की पहचान में जुटी है।
पहले बीज दुकान, फिर कपड़ा स्टोर बना निशाना
जानकारी के मुताबिक, मंगलवार सुबह ‘जय माता दी कृषि बीज दुकान’ के संचालक संतोष कुमार गुप्ता जब दुकान खोलने पहुंचे तो शटर का ताला टूटा मिला। अंदर जाकर देखा तो दराज का लॉक टूटा था और करीब 70 हजार रुपए नकद गायब थे। दराज में रखे दस्तावेज बिखरे पड़े थे। सूचना पर पुलिस पहुंची और आसपास जांच शुरू की। दुकान से करीब 50 मीटर दूर एक कुएं के पास दो बैग फेंके मिले। बैग में कुछ दस्तावेज और एक चेकबुक मिली।
चेकबुक से खुला दूसरी चोरी का राज
बरामद चेकबुक में विनय कुमार गुप्ता का नाम दर्ज था, जो भाजपा नेता हरि गुप्ता के पुत्र बताए जा रहे हैं। इससे यह संकेत मिला कि पास की ‘योगेश क्लॉथ स्टोर्स’ में भी चोरी हुई है। सूचना मिलने पर हरि गुप्ता मौके पर पहुंचे तो उनके दुकान का भी ताला टूटा मिला। कपड़ा दुकान में दराज तोड़कर करीब 30 हजार रुपए नगद और नए कपड़े चोरी किए गए। यहां भी दस्तावेज फेंके हुए मिले।
CCTV में दिखा अकेला युवक
दोनों दुकानों के सीसीटीवी फुटेज खंगालने पर एक युवक रात करीब 2 बजे के बाद दुकान में घुसते और आराम से दराज तोड़ते नजर आया। फुटेज में एक ही आरोपी दिखाई दे रहा है, जो नकदी और दस्तावेजों की जांच करता दिखता है।
पुलिस की जांच तेज, व्यापारियों में दहशत
एक ही रात में दो दुकानों में चोरी से स्थानीय व्यापारियों में डर का माहौल है। पुलिस का कहना है कि सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपी की पहचान की जा रही है और जल्द गिरफ्तारी की जाएगी।

User 1









